बिहार विधानसभा चुनाव का दूसरे चरण आज, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

बिहार विधानसभा चुनाव का दूसरे चरण आज, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार सुबह सात बजे से 32 विधानसभा क्षेत्रों में कडी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। बिहार चुनाव के दूसरे चरण के मतदान में छह जिले कैमूर, रोहतास, अरवल, जहानाबाद, औरंगाबाद और गया जिले के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।बिहार में सुबह 9 बजे तक 11 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है। अब तक औरंगाबाद- 10.02, गया- 8.73, कैमूर- 12.05, रोहतास- 12.87, अरवल- 9.51 और जहानाबाद में 12.02 प्रतिशत वोटिंग हुई है। कई जगहों पर ईवीएम खराब होने के कारण देर से वोटिंग शुरू हुई। गया के इमामगंज में पोलिंग बूथ पर तैनात सीआरपीएफ के एक जवान की हार्ट अटैक से मौत हो गई। औरंगाबाद-रफीगंज विस के बूथ संख्या 144 के पास केन बम बरामद। सीआरपीएफ के जवान पहुंचे। बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। दूसरे चरण में 86.13 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे जिनके लिए 9,119 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पहले चरण में 32 महिलाओं सहित 456 उम्मीदवार मैदान में हैं।

दूसरे चरण में अधिकांश सीटें नक्सल प्रभावित

इस चरण में जिन छह जिलों के 32 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हो रहा है, उनमें 23 विधानसभा क्षेत्रों को नक्सल प्रभावित घोषित किया गया है। सामान्य विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान कर सकेंगे, जबकि नक्सल प्रभावित 11 सीटों पर मतदान अपराह्न् तीन बजे तक और 12 सीटों पर शाम चार बजे तक तय किया गया है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए राज्य एवं केन्द्रीय सुरक्षा बलों की कुल 993 कंपनियां तैनात की गई हैं तथा पांच हेलीकॉप्टरों की तैनाती की गई है। नक्सल प्रभावित इलाकों में ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। मतदान को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 44,216 मतदानकर्मियों को लगया गया है।

कई हाइप्रोफाइल सीटों पर नेताओं की किस्मत पर फैसला

इस चरण में कई हाइप्रोफाइल सीटें हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष जीतन राम मांझी, विधानसभा अध्यक्ष और जद (यू) नेता उदय नारायण चैधरी, भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेम सिंह, रामेश्वर चौरसिया, पूर्व मंत्री रामधनी सिंह, इलियास हुसैन तथा मांझी के पुत्र संतोष कुमार का राजनीतिक भविष्य आज मतदाताओं के हाथ में है। इस चरण में राजग की ओर से भाजपा के 16, हम के सात, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के छह, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के तीन उम्मीदवार हैं जबकि महागठबंधन में राजद और जद (यू) के 13-13 उम्मीदवार हैं तथा कांग्रेस के छह उम्मीदवार हैं। इस चुनाव में कांग्रेस, राजद और जद (यू) महागठबंधन के तहत चुनाव मैदान में है, वहीं भाजपा नेतृत्व वाले राजग में लोजपा, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) और हम है। वामपंथी दल एक अलग मोर्चा बनाकर चुनावी समर में ताल ठोंक रहा है, जबकि सपा के नेतृत्व में छह दलों का तीसरा मोर्चाभी चुनाव मैदान में उतरा है।

Share this story