नवरात्र में मांग के चलते सोना-चांदी की कीमतों में आया उछाल

नवरात्र में मांग के चलते सोना-चांदी की कीमतों में आया उछाल
नई दिल्ली--विदेशों में तेजी के रूख और त्यौंहारी सीजन के चलते सोना-चांदी के भावों में एकबार फिर से उछाल आ चुका है। त्यौहारी और शादी-विवाह सीजन की वजह से आभूषण निर्माताओं की ओर से लिवाली निकलने पर इस सप्ताह के दौरान दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने और चांदी के भाव बढ़ गए हैं। सोने का भाव 27 हजार रूपए के स्तर को पार कर गया।

इसलिए आया भावों में उछाल

औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं का उठाव बढ़ने से चांदी की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। सूत्रों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी के भावों मजबूत रूख देखने को मिला। इसी के चलते सोना तीन माह के उच्चस्तर पर को पार कर गया। सोने के भावों में यह इन अटकलों के चलते आई कि अमरीकी फेडरल रिजर्व बैंक ब्याज दरों में वृद्धि को कुछ समय के लिए टाल सकता है। वहीं स्थानीय बाजारों में आभूषण निर्माताओं ने शादी विवाह के आने वाले मौसम की वजह से सोने की लिवाली की।

इतनी बढ़ी किमतें

नवरात्र में भी सोने की मांग बढ़ी क्योंकि लोग इस समय को शुभ मानते है। दिल्ली में सोना 99.9 और 99.5 शुद्धता के भाव क्रमश: 26870 रूपए और 26720 रूपए प्रति दस ग्राम की मजबूती पर खुले। इसके बाद लगातार लिवाली के चलते यह भाव 27300 रूपए और 27150 रूपए तक चढ़ने के बाद अंत में 550 रूपए की तेजी के साथ क्रमश: 27250 रूपए और 27100 रूपए प्रति दस ग्राम पर बंद हुए।

गिन्नी के भावों में तेजी

गिन्नी के भाव 200 रूपए की तेजी के साथ 22400 रूपए प्रति आठ ग्राम पर बंद हुए। इसी प्रकार चांदी तैयार के भाव 575 रूपए की तेजी के साथ 37395 रूपए प्रतिकिलो पर बंद हुए। चांदी सिक्का के भाव 1000 रूपए की तेजी के साथ 52000 से 53000 रूपए प्रति सैकड़ा पर बंद हुए।

Share this story