गुजरात के बाद अब अतुल्य भारत के ब्रांड एम्बेसडर बनेंगे बिग बी और प्रियंका

गुजरात के बाद अब अतुल्य भारत के ब्रांड एम्बेसडर बनेंगे बिग बी और प्रियंका
मुम्बई -आमिर खान का "अतुल्य भारत" से नाता टूटने के बाद अब अतुल्य भारत की कमान गुजरात के ब्रांड एम्बेसडर रहे सदी के महानायक अमिताभ बच्चन और प्रियंका चोपड़ा करेंगी इसके लिए अमिताभ बच्चन और प्रियंका कोई भी पेमेंट नहीं लेंगे इसके पहले भी अमिताभ ने गुजरात सरकार से कोई भी पेमेंट नहीं लिया था ।बालीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा 'अतुल्य भारत' अभियान के नए ब्रांड एंबेसडर होंगे। यह अभियान केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की ओर से चलाया जाता है। इस अभियान के लिए पहली बार सरकार ने ब्रॉन्ड एम्बेस्डर को चुना है। इससे पहले पर्यटन मंत्री महेश शर्मा ने जानकारी दी थी कि 'अतिथि देवो भव' अभियान के लिए हमारा कॉन्ट्रेक्ट मैक्केन वर्ल्डवाइड एजेंसी के साथ था। बिग बी और प्रियंका दोनों सितारे इस अभियान के लिए तीन साल के तक नि:शुल्क नियुक्त किए जाएंगे। इसकी अधिकारिक जानकारी 26 जनवरी के बाद दी जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, इस सेवा के लिए केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की पहली पसंद अमिताभ बच्चन थे। मंत्रालय का मत था कि अनुभवी एक्टर बिग बी का कभी विवादों से कोई नाता नहीं रहा और साथ ही यह भी देखा गया कि बिग बी पहले से गुजरात पर्यटन के ब्रांड एंबेसेडर का चेहरा रहे हैं। बता दें कि बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान पिछले 10 साल तक अतुल्य भारत अभियान के ब्रांड एंबेसडर रह चुके हैं। हाल ही में पर्यटन मंत्रालय की ओर से इस अभियान के लिए आमिर का कॉन्ट्रेक्ट खत्म होने की जानकारी दी गई थी। यह जानकारी दिए जाने के एक दिन बाद ही आमिर ने बयान जारी कर कहा था कि मुझे खुशी है कि मैंने अपने देश की सेवा की और मैं इसके लिए हमेशा उपलब्ध रहूंगा। मैं स्पष्ट करना चाहूंगा कि मैंने अब तक जो भी लोक सेवा वाली फिल्में की हैं, वे मेरे लिए नि:शुल्क रही हैं। अपने देश की सेवा करना मेरे लिए हमेशा सम्मान की बात रही है और यह ऐसा ही रहेगा। मैं ब्रांड एंबेसडर रहूं या न रहूं, भारत अतुल्य बना रहेगा और यही होना भी चाहिए। उन्होंने कहा था कि पिछले 10 साल तक अतुल्य भारत अभियान का ब्रांड एंबेसडर होना मेरे लिए सम्मान और खुशी की बात है। पर्यटन मंत्री महेश शर्मा ने कहा था कि हमारा अनुबंध अतिथि देवो भव अभियान के लिए मैक्केन वर्ल्डवाइड एजेंसी के साथ था। एजेंसी ने ब्रांड एंबेसडर के तौर पर आमिर की सेवा ली थी। अब एजेंसी के साथ हमारा अनुबंध खत्म हो गया है। मंत्रालय ने आमिर को नियुक्त नहीं किया था। शर्मा ने कहा था कि चूंकि एजेंसी के साथ अब अनुबंध नहीं है तो अभिनेता के साथ हमारी व्यवस्था अब नहीं रही।

Share this story