गोंडा में मंत्री पर भारी पड़ रहे सांसद

गोंडा में मंत्री पर भारी पड़ रहे सांसद

लखनऊ(नरेश दीक्षित)- विधानसभा चुनाव में पांचवे चरण के मतदान की तिथि (27 फ़रवरी ) ज्यों-ज्यों नजदीक आती जा रही है ,अखिलेश सरकार के कैबिनेट मंत्री पंडित सिंह व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह की धडकनें तेज होती जा रही हैं ,वजह दोनों नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है | जहाँ एक ओर पंडित सिंह खुद तरबगंज विधानसभा से चुनाव लड़ रहे हैं वहीँ अपने भतीजे सूरज सिंह को गोंडा सदर से सपा प्रत्याशी बनवाकर राजनीतिक विरासत की नई पीढ़ी तैयार करना चाहते हैं | दूसरी ओर दो दशक से लोकसभा में अलग -अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसद बृजभूषण सिंह के बेटे प्रतीक भूषण सिंह को भाजपा ने गोंडा सदर से प्रत्याशी बनाया है जिसे जिताने के लिए सांसद ने पूरी ताकत झोंक दी है | बीते लोकसभा चुनाव में कैसरगंज क्षेत्र में सपा से पंडित सिंह व भाजपा से ब्रजभूषण सिंह आमने- सामने थे जिसमे ब्रजभूषण सांसद बन गए थे | एक बार फिर जिले के दोनों दिग्गज राजनीतिक विरासत स्थापित करने के लिए गोंडा सदर में एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं और मतदाताओं को हर तरह से अपने पक्ष में मतदान करने के लिए तैयार कर रहे हैं |

पहले से ही तय था मंत्री का क्षेत्र बदलना

मंत्री पंडित सिंह का गोंडा सदर के बजाय तरबगंज क्षेत्र से चुनाव लड़ना पहले से ही तय माना जा रहा था | क्षेत्रवासी जान गए थे कि इस बार पंडित सिंह गोंडा सदर से चुनाव नहीं लड़ेंगे, हुआ भी वही | मंत्री पंडित सिंह क्षेत्र बदलकर तरबगंज चले गए और भतीजे सूरज सिंह को गोंडा सदर से सपा का प्रत्याशी बना दिया गया | अब एक तरफ पंडित सिंह को अपनी सीट बचाने के लिए तरबगंज में अपनों से ही जूझना पड़ रहा है | क्षेत्र के निवर्तमान सपा विधायक अवधेश सिंह उर्फ़ मंजू सिंह का टिकट कटने के बाद वह भाजपा प्रत्याशी प्रेम नारायण पाण्डेय के लिए वोट मांग रहे हैं |और खुल कर सपा प्रत्याशी पंडित सिंह का विरोध कर रहे हैं |सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी कैसरगंज लोकसभा में आने वाली इस सीट पर भाजपा की ही जीत सुनिश्चित करने में लगे हैं |

दो हजार से भी कम वोट मिले थे गोंडा सदर सपा प्रत्याशी को

सपा जिला अध्यक्ष पद से महफूज खां हटा दिए जाने की वजह से मुस्लिम मतदाता काफी नाराज है | इतना ही नहीं मंत्री द्वारा झंझरी ब्लाक प्रमुख पद पर साबिर अली को हटा कर अपने परिवार के सदस्य को ब्लाक प्रमुख बनवाना भी मुस्लिमों को काफी अखरा है | मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में बसपा प्रत्याशी जलील खां की सीधी टक्कर भाजपा के प्रतीक भूषण से मानी जा रही है | ज्ञात रहे कि बीते विधानसभा चुनाव में पंडित सिंह के भतीजे सूरज सिंह को निर्दल के रूप में दो हजार से कम वोट पाकर संतोष करना पडा था | कहने को तो भाजपा प्रत्याशी प्रतीक भूषण हैं लेकिन सही मायने में इस चुनाव की सारी बागडोर सांसद बृजभूषण सिंह ने खुद संभाल रखी है, और इस प्रतिष्ठापूर्ण सीट पर किसी भी हालत में कमल खिलाने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं |उधर पंडित सिंह भी भतीजे सूरज सिंह को चुनाव जितवाने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं |


Share this story