कहा गिरी एक फुट बर्फ

कहा गिरी एक फुट बर्फ

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम के तेवर फिर बदल गए हैं। राज्य के अधिक ऊंचाई वाले इलाके बर्फ की सफेद चद्दर से ढक गए हैं। जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में मंगलवार आधी रात से हिमपात हो रहा है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रोहतांग दर्रे में अब तक लगभग एक फुट ताजा हिमपात हो चुका है। इसके अलावा जिले के कोकसर में छह इंच और केलंग में तीन इंच बर्फ गिरी है। बर्फ गिरने का क्रम रुक-रुक कर जारी है। इस हिमपात से मनाली से रोहतांग व केलंग से कोकसर सड़कों से बर्फ हटाने का कार्य प्रभावित हो रहा है।

बर्फबारी से समूचा जिला कड़ाके की ठण्ड की चपेट में आ गया है। केलंग में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा किन्नौर जिले के कल्पा में न्यूनतम तापमान तीन, मनाली में सात, सोलन में 10, भुंतर में 10.1, सुंदरनगर में 10.6, शिमला में 12.7, उना में 14.8, कांगड़ा में 15 और नाहन में 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इधर, राजधानी शिमला सहित राज्य के अधिकतर इलाकों में आसमान घने बादलों से घिरा हुआ है तथा मौसम सर्द महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश के निचले व मध्य पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने और तूफान की चेतावनी जारी की। 24 मार्च से मौसम के साफ होने की संभावना है।


Share this story