नाराज हो गये सपा वाले और भिड़ गए पुलिस से

नाराज हो गये सपा वाले और भिड़ गए पुलिस से

उन्नाव: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को आज उन्नाव में हिरासत में लिया गया है। अखिलेश उन्नाव के साथ ही कानपुर तथा कन्नौज की पुलिस को चमका देकर औरैया जाने के प्रयास में थे।


लखनऊ से औरैया जाने की जुगत में लगे सपा अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को उन्नाव में हिरासत में लिया गया है। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर नवाबगंज टोल प्लाजा और जाजमऊ में पुलिस के तगड़े बंदोबस्त के बीच औरैया जाने को निकले पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का काफिला ऐनवक्त पर एक्सप्रेस वे की ओर हो लिया। इसकी जानकारी होते ही पुलिस फोर्स एक्सप्रेस वे की ओर दौड़ी और हसनगंज टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी कर दी। सैकड़ों गाडिय़ों का काफिला पहुंचते ही उसमें शामिल पार्टी के कार्यकर्ता और नेता पुलिस के बंदोबस्त तोड़ आगे बढ़े। चेतावनी के बाद भी सपाइयों पर असर नहीं हुआ तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर सपाइयों को खदेडऩे के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को अपने घेरे में ले लिया। नेताओं की तनातनी के बीच पुलिस ने गिरफ्तारी का ऐलान करके नेताओं को घेर लिया।

अखिलेश यादव के साथ करीब 35 गाडिय़ों में सवार समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को अपने सुरक्षा घेरे में लेकर पुलिस कुंवर वीरेंद्र सिंह कृषि विज्ञान धौरा, हसनगंज के गेस्ट हाउस में ले गई। वहां पूर्व मुख्यमंत्री के साथ बाकी सपा नेताओं के रखने के लिए अस्थाई जेल बनाई गई है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को आज कानपुर में हिरासत में लेने की तैयारी थी। कानपुर के बिल्हौर से सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम, विधायक अमिताभ बाजपेई, संजय लाठर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं गिरफ्तार कर लिया। इनको कानपुर पुलिस लाइन लाया गया।

कानपुर के जाजमऊ पुल पर भारी पुलिस बल तैनात था। अखिलेश यादव के एडवांस एस्कॉर्ट को पुल पर रोक लिया गया। अखिलेश यादव औरैया में कल हुए बवाल में पीटे गए पूर्व सांसद प्रदीप यादव से मिलने जा रहे थे। औरैया में किसी भी बवाल से बचने के लिए पुलिस की तैयारी है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को जाजमऊ गंगा पुल पर गिरफ्तार करने के लिए पुलिस फोर्स मौजूद लगा दी गयी थी। औरैया में जिला पंचायत चुनाव में बवाल के बाद आज अखिलेश यादव औरैया जा रहे थे। उनको कानपुर के जाजमऊ में हिरासत में लेने की तैयारी थी।

अखिलेश यादव के लखनऊ से औरैया जाने की सूचना पर लखनऊ के साथ ही अन्य जगह के समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सैकड़ों की संख्या में उन्नाव से नवाबगंज टोल प्लाजा के लिए निकले। नवाबगंज टोल प्लाजा से अखिलेश यादव के निकलने की सूचना पर नवाबगंज टोल प्लाजा पर भारी पुलिस बल तैनात थी। इसके साथ ही औरैया जाने की तैयारी में लगे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव स्कॉर्ट में लगी एडवांस टीम को पुलिस ने बिल्हौर बॉर्डर पर रोक लिया।

कन्नौज में भी थी तैयारी
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के औरैया जाने की सूचना पर कन्नौज में बार्डर पर एसपी हरीश चंदर, एसडीएम सदर डॉ अरुण कुमार सिंह फोर्स के साथ डटे थे। सदर कोतवाली, ठठिया समेत कई थानों का फोर्स मौजूद था।
क्या है मामला
औरैया में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के नामांकन के दौरान कल पुलिस व समाजवादी पार्टी के समर्थको के बीच तीखी झड़प हो गई। भाजपा के विधायक की गाड़ी के मुख्यालय में घुसने को लेकर बवाल हुआ। पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। ककोर में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से दीपू सिंह और समाजवादी पार्टी से सुधीर यादव उर्फ कल्लू सिंह का नामांकन होना था।

दीपू सिंह का नामांकन जैसे ही सम्पन्न हुआ सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर भाजपा वालों का साथ देने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मामला इतना बढ़ गया कि उग्र सपा कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए। आगजनी और पथराव के बीच पुलिस ने हालात नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे।

Share this story