महागठबन्धन बनाने की कोशिशों को झटका लगा

महागठबन्धन बनाने की कोशिशों को झटका लगा
लखनऊ--समाजवादी पार्टी(सपा) की ओर से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शपथग्रहण समारोह में किसी के भी नहीं जाने से उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए महागठबन्धन बनाने की कोशिशों को झटका लगा है। समारोह में शामिल होने के लिए सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को आमंत्रित किया गया था लेकिन ऐन मौके पर मुख्यमंत्री आज पटना के बजाय सैफई रवाना हो गए। मुलायम सिंह यादव ने अपना कार्यक्रम पहले ही रद्द कर दिया था।
सपा ने पटना के गांधी मैदान में हुए शपथ ग्रहण समारोह में अपने किसी प्रतिनिधि को भी नहीं भेजा। सपा महासचिव और पार्टी मामलों के बिहार के प्रभारी किरणमय नन्दा ने नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में सपा नेताओं के नहीं जाने की कोई सटीक वजह तो नहीं बताई पर इतना कहा कि मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन समारोह की तैयारी की वजह से पार्टी नेता पटना नहीं जा सके।

Share this story