सैफई ने मना मुलायम का जन्मदिन

सैफई ने मना मुलायम का जन्मदिन
सैफई: सपा मुखिया मुलायम सिंह के 76वें जन्मदिन के मौके पर सैफई की धरती पर संस्कृतियों का मेल नजर आया। जन्मदिन की खुशियों में सराबोर सैफई ने तहेदिल से अपने नेता का स्वागत किया। देश प्रदेश के अलग-अलग लोक कला समूहों ने सैफई आकर कई संस्कृतियों को एक धागे में पिरो दिया। जहां एक ओर अवध के फरवाही नृत्य ने लोगों को आकर्षित किया तो वहीं बुंदेलखंड, पंजाब, सोनभद्र, गाजीपुर व बृज की संस्कृति ने भी लोगों को अनूठी परम्पराओं से परिचित कराया।

सैफई की हर सड़क पर मानों संस्कृतियों ने अपनी प्रदर्शनी लगा रखी हो। पंजाब से आए भांगड़ा डांस ग्रुप ने अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में पंजाबी संस्कृति का प्रतिनिधित्व किया। 18 सदस्यीय इस दल ने सपा मुखिया के स्वागत में कई घंटों तक भांगड़ा प्रस्तुत किया। अवध की अनूठी संस्कृति को सहेजे शीतल प्रसाद वर्मा और उनके साथी कलाकारों ने फरवाही लोकनृत्य का प्रदर्शन अवधी लोक समूह के तहत किया। बुंदेलखंड का प्रसिद्ध लोकनृत्य पाई डंडा रमेश पाल, पूर्वांचल का प्रसिद्ध धोबिया डांस जीवन राम व सोनभद्र का कर्मा लोकनृ़त्य कतवारु सहाय के दल ने प्रस्तुत कर कृष्ण पक्ष की दशमी पर होने वाले कर्मा नृत्य को जीवित किया। झांसी के मऊरानी से आई रामाधीन पार्टी ने राई नृत्य का प्रदर्शन किया तो बृज की अनूठी संस्कृति को सहेजे रंजीत सिंह के गु्रप ने नगाड़ा, बीन, झाझ व थाली बजाकर सपा मुखिया का स्वागत किया। पांच हजार स्कूली बच्चों ने गुब्बारों और फूलों से सपा मुखिया को जन्मदिन की बधाईयां दीं। सैफई हवाई पट्टी से पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस होते हुए अपना बाजार तक मुख्यमंत्री का अलग अलग सांस्कृतिक लोक कलाओं से स्वागत किया गया।

सपा मुखिया मुलायम सिंह के जन्मदिन पर शनिवार को सैफई के अपना बाजार परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम हुआ। इसमें सपा मुखिया ने मॉलश्री का पौधा लगाया। सीएम अखिलेश यादव, शिवपाल सिंह यादव, प्रो. रामगोपाल यादव ने भी पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पर्यावरणीय गोष्ठी के तहत राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक डॉ. अनूप यादव व अपर निदेशक डॉ. रामविलास यादव ने सभी विशिष्ट अतिथियों को प्रोजेक्ट से संबंधित जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि पूरे परिसर में विशिष्ट अतिथियों द्वारा एक दर्जन पौधों को रोपा गया है। नौ पाइन चीड़, 17 अगेन्थस व 7 मॉलश्री सहित 33 चकरेशिया सहित कुल 66 पौधे लगाए गए हैं। डॉ. अनूप यादव ने बताया कि अगेन्थस का पौधा अगस्त्य ऋ षि के नाम पर रखा गया है। यह उत्तर भारत का वर्ष भर हरा रहने वाला पौधा है। इसके अलावा कार्बन ग्रहण करने में पीपल के बाद मॉलश्री का नम्बर आता है। वहीं पाइन चीड़ सजावट के साथ साथ फर्नीचर उद्योग को भी बढ़ावा देता है। डीएफओ कन्हैया पटेल ने बताया कि जल्द ही अन्य प्रजातियों के भी पौधे पूरे बाजार परिसर में लगेंगे।

ग्रामीण आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान ने सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन के मौके पर पैथोलॉजी एवं ब्लड बैंक विभाग तथा राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) के सहयोग से शनिवार को महारक्तदान शिविर का आयोजन किया। उद्घाटन मुलायम सिंह यादव ने किया। शिविर में 35 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। वहीं 85 लोगों ने रक्तदान के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। शिविर में रक्तदान करने आए हर एक रक्तदाता से सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव मिले और उनके इस कार्य की सरहना की। इस अवसर पर श्री यादव ने कहा कि आज रक्तदान की बड़ी आवश्यकता है क्योंकि रक्तदान के माध्यम से आप किसी की जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। संस्थान के निदेशक टी प्रभाकर ने कहा कि कोई भी व्यक्ति संस्थान के ब्लड बैंक से संपर्क कर रक्तदान कर सकता है। उन्होंने कहा कि 22 नवम्बर को भी यह रक्तदान शिविर पूरे दिन चलेगा।

पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर हवाई पप्ती से लेकर सैफई तक राजपथ सा नजारा दिखाई दिया। 12 किलोमीटर तक स्कूली बच्चों के साथ-साथ गांव की महिलाओं व पुरुषों ने सपा मुखिया पर फूलों की जमकर बरसात की। बच्चों ने नेता जी हैप्पी बर्थडे टू यू कहकर स्वागत किया। सैफई तक दर्जनों की संख्या में बड़े तोरणद्वार भी बनाए गए थे। सैफई चौराहे से लेकर पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस, सपा मुखिया का पैतृक आवास तथा एथलेटिक्स स्टेडियम तक का क्षेत्र रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया था। बंजरहार, नगला केहरी, नगला नत्थू, नगला बिहारी, त्रिलोकपुर, बघुईया, उझियानी आदि क्षेत्रों में स्कूली बच्चे व गांव के लोग सुबह दस बजे से ही स्वागत के लिए खडे़ हुए थे। सफेद गाड़ी में बैठे सपा मुखिया पर सभी लोगों ने जमकर फूलों की बरसा की। पूरे रास्ते भर बैण्ड की धुनों पर गीत संगीत की स्वर लहरियां गुंजायमान होती रहीं।

सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन किसी महापर्व से कम नही था। चारों ओर सुबह से रात तक जश्न का माहौल दिखाई दिया। गांव की सभी इमारतें बिजली की रंग-बिरंगी रोशनी के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के फूलों से सजाई गई थीं। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव का पैतृक आवास भी फूलों व बिजली की लाइटों से सजाया गया था और मुख्य सड़क से लेकर उनके घर तक तोरणद्वार भी बनाये गये थे। शाम के समय बिजली की रंग-बिरंगी सजावट बाहर से आने वाले मेहमानों के लिए काफी आकर्षण का केन्द्र रही। जिस तरह से सपा मुखिया के जन्मदिन पर जो ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था उसे देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि मानो दीपावली का त्योहार फिर से आ गया हो।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर उत्तर प्रदेश के सैफई में होने वाले समारोह में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद शामिल नहीं होंगे। प्रसाद फोन कर मुलायम सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं देंगे। लालू प्रसाद की पुत्री व दामाद शनिवार को लखनऊ के लिए रवाना हो गए। प्रसाद के दामाद व सपा सांसद तेजप्रताप यादव एवं पुत्री दोनों सैफई जाकर रविवार को जन्मदिन समारोह में शामिल होंगे।

Share this story