भारत उज्ज्वल दिशा की ओर बढ़ रहा है- मोदी

भारत उज्ज्वल दिशा की ओर बढ़ रहा है- मोदी
हिन्दुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट की शुरुआत शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी के संबोधन से हुई। सम्मेलन में भारत और दुनिया भर के विचारकों को एक मंच पर लाया गया है, जहां चर्चा होगी कि क्या भारत दुनिया का चमकीला सितारा बन सकता है?

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाला देश है लेकिन दूसरी तरफ देखें तो कई देशों के विकास की रफ्तार कम हुई है। चीन को भी आप देख सकते हैं। भारत की जीडीपी बढ़ रही है, यह अचानक नहीं हो रहा है। इसके संदर्भ में भविष्य और वर्तमान को भी देखना होता है।

जनता ने पूर्ण बहुमत देकर उज्ज्वल भविष्य दिया

उन्होंने कहा कि देश के विकास को मापने के लिए तराजू लेकर बैठने से नहीं होगा। देश के विकास को देखने के लिए पहले के हालात और वैश्विक परिवेश को देखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि विकास के लिए स्थिर सरकार का होना आवश्यक होता है। देश की सवा अरब जनता को इसका श्रेय दिया जाना चाहिए कि उन्होंने स्थिर सरकार दी। जनता ने पूर्ण बहुमत देकर देश को उज्ज्‍वल भविष्य दिया है। भारत उज्ज्‍वल दिशा की ओर बढ़ रहा है।

40 लाख लोगों ने छोड़ी गैस सब्सिडी

पीएम मोदी ने कहा कि सरकार की तिजोरी से चोरी होने वाली गैस सब्सिडी कम हुई है। 40 लाख से अधिक लोगों ने गैस सब्सिडी छोड़ी है और गरीबों को इसका लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि विश्व में रुपए की प्रतिष्ठा बढ़ने लगी है। यह एक बहुत बड़ी बात है।

बिहार में बनेंगे दो रेल इंजन कारखाने

उन्होंने कहा कि देश के पूर्वी क्षेत्रों का अगर विकास नहीं होगा तो फिर पूरे देश का विकास होना संभव नहीं है। हर क्षेत्र में विकास होना जरूरी है। उनकी सरकार पूर्वी क्षेत्रों के विकास पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 40 हजार करोड़ रुपए के दो रेल इंजन कारखाने का निर्माण बिहार में होने वाला है। यह निर्णय बिहार चुनाव के बाद लिया गया है।

केंद्र, राज्यों को भारत की प्रगति के लिए मिलकर काम करना चाहिए

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार देश के विकास के लिए राज्यों को भी साथ लेकर चल रही है और भारत अकेले दिल्ली ही नहीं बल्कि सभी राज्यों के मजबूत कंधों की मदद से आगे बढ सकता है। मोदी ने केंद्र में राज्यों के लिए विशेष विभाग बनाए जाने समेते उन कई कदमों का जिक्र किया जो उनकी सरकार ने राज्यों को साथ लेकर चलने के लिए उठाए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की प्रगति में राज्यों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। भारत अकेले दिल्ली ही नहीं बल्कि केवल राज्यों के मजबूत कंधों के सहारे आगे बढ सकता है। यदि हम कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे तो हमें स्वत: की इसके परिणाम मिलने लगेंगे। मोदी ने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि दुनिया हमारे राज्यों और उनकी ताकत के बारे में जाने।

यूरिया पर होगी नीम की कोटिंग

उन्होंने कहा कि यूरिया की चोरी रोकने के लिए उस पर नीम की कोटिंग होगी। चोरी रूकेगी तो सब्सिडी कम होगी। नीम कोटेड यूरिया का इस्तेमाल दूसरे चीजों में नहीं होगा। उसका उपयोग केवल खेतों में होगा।

100 दिन में तीन हजार से अध्‍ािक गांवों में बिजली

पीएम मोदी ने कहा कि बिजली न होने के कारण कारखाने बंद थे। उद्योगों को नुकसान हो रहा था। देश का विकास बाधित हो रहा था। उनकी सरकार ने कोयले का उत्पादन तेज किया। बिजली के उत्पादन को साढे़ आठ फीसदी तक बढ़ाया। अब 60 से 65 प्रोजेक्ट्स शुरु हुए हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने हजार दिन के अंदर 18 हजार गांवों में बिजली पहुंचाने का वादा किया था। 100 दिन में तीन हजार से अधिक गांवों में बिजली पहुंचाई है।

पीएम मोदी ने कहा कि देश के विकास के लिए नीयत की जरूरत है। देश में जो विकास हुआ है वह केवल अचानक नहीं हुआ है, योजनाबद्ध तरीके से किया गया है। देश आगे बढ़ रहा है, विकास हो रहा है। यकीन मानें, देश तरक्की कर रहा है।

संसद चल रही है, इसका श्रेय सभी दलों को

इसी दौरान पीएम मोदी ने कहा कि एक अच्छी खबर है कि संसद चल रही है, इसका श्रेय मोदी को नहीं, सभी दलों को जाता है। दरअसल कांग्रेस नेता कुमारी शैलजा के मंदिर में जाति पूछ जाने वाले बयान और केंद्रीय मंत्री जनरल वी के सिंह के कुत्ते वाले बयान को लेकर हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही नहीं चल पाई।


Share this story