गोंडा में शिवपाल के करीबी सुरेश शुक्ल को मिला सपा जिलाध्यक्ष का तोहफा

गोंडा में शिवपाल के करीबी सुरेश शुक्ल को मिला सपा जिलाध्यक्ष का तोहफा
लखनऊ (नरेश दीक्षित) - प्रदेश में विधानसभा चुनाव ज्यों ज्यों नजदीक आता जा रहा है सभी पार्टियाँ अपना कील काँटा मजबूत करती जा रही हैं | पिछले दो दशकों से गोंडा में सपा जिलाध्यक्ष पद पर रहकर खासी पहचान बनाने वाले एमएलसी महफूज खां को हटा कर सपा प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव ने अपने करीबी सुरेश शुक्ल को जिलाध्यक्ष बनाकर ऐसा तोहफा दिया जिससे पूरे जनपद के सपाइयों में हलचल मच गई | शिवपाल के इस फैसले से अल्पसंख्यक वर्ग में खासी नाराजगी है जिसका असर विधानसभा चुनाव पर पड़ना तय माना जा रहा है |
महफूज खां को महंगी पड़ी अखिलेश की नजदीकी
इटियाथोक निवासी सुरेश शुक्ल जबसे समाजवादी पार्टी में आये वह शुरू से ही शिवपाल के करीबी रहे जब राम शरण दास सपा के प्रदेश अध्यक्ष थे तब भी शिवपाल यादव ने उन्हें पार्टी का प्रदेश सचिव बनवा दिया था | बाद में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में पार्टी प्रत्याशी का समर्थन न करने के वजह से सुरेश शुक्ल को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में निकाल दिया गया था बाद में शिवपाल के ही प्रयास से वह फिर पार्टी में आ गए | अभी हाल में जब राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने शिवपाल यादव को प्रदेश अध्यक्ष बनाया तभी गोंडा में उनके करीबी सुरेश शुक्ल फिर प्रदेश सचिव बना दिए गए | विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शिवपाल हर जिले में अपने करीबी को ही जिलाध्यक्ष देखना चाहते हैं | गोंडा के जिलाध्यक्ष रहे महफूज खां नेताजी व मुख्यमंत्री अखिलेश के ज्यादा करीबी माने जाते हैं यही बात शिवपाल को नागवार गुजरी और उन्होंने बिना चुनावी फायदा नुक्सान पर ध्यान दिए अपने करीबी सुरेश शुक्ल को जिलाध्यक्ष बना दिया | मंत्री से लेकर विधायक व सपा कार्यकर्ता अभी खुल कर जिलाध्यक्ष बदले जाने पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं लेकिन पठान बिरादरी के महफूज खां को जिलाध्यक्ष पद से हटाये जाने पर मुस्लिम समुदाय में इसकी जबरदस्त प्रतिक्रिया है |
अब गोंडा सपा में चलेगी राजा की मर्जी
सपा नेता सुरेश शुक्ल मनकापुर के राजा आनंद सिंह के खास माने जाते हैं लोगों का कहना है कि अब जिले की सपा में राजा साहब की पसंद नापसंद ज्यादा चलेगी | जनपद की अधिकांश विधानसभा सीटों पर सपा के ही विधायक हैं और सदर विधायक पंडित सिंह अखिलेश सरकार के कैबिनेट मंत्री हैं | ऐसे में चुनाव से ठीक पहले सभी वर्गों में अच्छी पकड़ रखने वाले एमएलसी महफूज खां को जिलाध्यक्ष पद से हटाना जाना किसी सपाई के गले नहीं उतर रहा है | लेकिन शिवपाल के करीबी सुरेश शुक्ल को जिलाध्यक्ष बनाये जाने के बारे में कोई मुंह भी नहीं खोल रहा है |


Share this story