राहुल की रैली में दर्ज होगी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति, अब तक आए 25 हजार से अधिक आवेदन

राहुल की रैली में दर्ज होगी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति, अब तक आए 25 हजार से अधिक आवेदन

नई दिल्ली। दिल्ली में 29 अप्रैल को होने वाली कांग्रेस की जनाक्रोश रैली इस बार कई मायनों में खास होगी। इस रैली को राहुल गांधी संबोधित करेंगे। ऐसा पहली बार होगा कि किसी रैली में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति दर्ज होगी। यही नहीं, जो कार्ड बनवाकर नहीं आएंगे, उस क्षेत्र के कार्यकर्ता की जवाबदेही भी तय होगी।

रैली में शामिल होने के लिए दिल्ली के विभिन्न इलाकों से अब तक 25 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने आवेदन किया है, इनके लिए बन रहे कार्ड बार कोड से युक्त होंगे, जो रैली स्थल पर स्कैन होंगे। स्कैन होते ही फोटो सहित तमाम जानकारी सामने आ जाएगी। जानकारी सही होने पर उसे प्रवेश मिलेगा। बार कोड वाले कार्ड न केवल सुरक्षा कारणों से बनाए गए हैं, बल्कि कार्यकर्ताओं की उपस्थिति व अनुपस्थिति भी जांची जाएगी। यह रैली न केवल कांग्रेस के लिए बल्कि प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के लिए भी चुनौती है।

यहां की व्यवस्था और संख्या यहां के नेताओं के कद और जिम्मेदारी को बढ़ा सकती है। राजघाट पर हुए कांग्रेस के अनशन में खाना खाकर आने पर जो किरकिरी प्रदेश के शीर्ष कांग्रेस नेताओं की हुई थी। उसके बाद दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की पूरी टीम तैयारी से जुड़े सभी पहलुओं को बेहद बारीकी से देख रही है।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय माकन का कहना है इस रैली में पूरे देश से दो लाख लोगों के आने की संभावना है। दिल्ली से लगभग 30 हजार कार्यकर्ता आएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी बेरोजगारी, धार्मिक व सांप्रदायिक उन्माद, देश की आर्थिक नीति, महिलाओं और दलितों के खिलाफ हिंसा सहित अन्य मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे।

Share this story