पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे रही है सेना : जनरल वीके सिंह

यमुनानगर। पूर्व थल सेना अध्यक्ष व केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वीके सिंह ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा लगातार सीज फायर के उल्लंघन करने का भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है। हमारी सेना मजबूत है। इस मामले को मीडिया को ज्यादा नहीं उछालना चाहिए। दोनों देशों के बीच बातचीत के लिए पाकिस्‍तान को माहौल बनाना चाहिए। भारत हमेशा से इसके लिए कोशिश करता रहा है, ले‍किन पाकिस्‍तान का रवैया उल्‍टा रहा है।

वीके सिंह यहां शनिवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। वह शहर की कालिंदी कालोनी में अपने साढू दलबीर सिंह राणा के पुत्र की शादी पर आए थे। उन्‍होंने कहा कि पाकिस्‍तान लगातार सीजफायर का उल्‍लंघन करता रहा है अौर भारतीय सेना उसे माकूल व मुु‍ंहतोड़ जवाब दे रही है।

पाकिस्तान सेना अध्यक्ष द्वारा पिछले दिनों भारत से शांति वार्ता के बारे में दिए गस बयान के बारे में पूछे जाने पर जनरल वीके सिंह ने कहा कि पाकिस्तान क्या कहता है उस पर टिप्पणी करने की जरूरत नहीं है। जहां तक भारत का सवाल है, सरकार वर्ष 2014 से कोशिश कर रही है कि पड़ोसी देशों से रिश्ते सुधरें।

जनरल वीके सिह ने कहा, हमने पाकिस्तान के साथ रिश्ते सुधारने की कोशिश की है। हमने कहा है कि बातचीत के लिए माहौल बनाया जाए। जब माहौल बन जाएगा तो बातचीत भी होगी। कर्नाटक विधानसभा चुनाव काे लेकर उन्‍होंने कुछ नहीं कहा। उन्होंने कहा कि अभी वोटिंग हुई है और रिजल्ट आने पता चल जाएगा। कश्मीर मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह समस्या बहुत गंभीर है। इसका समाधान निकालने के लिए सबको साथ लेकर चलना होगा।

जम्मू सरकार और गृह विभाग के बीच पत्थरबाजी पर हो बात

पत्थरबाजों को लेकर जम्मू सरकार द्वारा दिए बयान पर उन्होंने कहा कि जम्मू सरकार व गृह विभाग के बीच इस मसले पर बातचीत होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस वक्त विदेश में कोई भी भारतीय फंसा नहीं है। जो लोग अवैध तरीके से एजेंट के माध्यम से विदेश जाते हैं वही दिक्कत में आते हैं। अवैध रूप से काम करने वाले लोगों काे झांसा देकर विदेश भेजते हैं और फिर लाेग वहां फंस जाते हैं। उन्‍‍होंने उदाहरण के तौर पर समझाया कि लोगों को कार चलाने के नाम पर अवैध एजेंट विदेश ले जाते हैं, लेकिन वहां पर कारों की धुलाई करवाई जाती है। जब तक स्पांसर करने वाला अनुमति नहीं देता तब तक वे वापस नहीं लौट पाते। इसका समाधान यही है कि लोग अवैध तरीके से विदेश में न जाएं।

Share this story