महाराष्ट्र : मुंबई में होगी किशोर दा के बंगले की डील

महाराष्ट्र : मुंबई में होगी किशोर दा के बंगले की डील

खंडवा । पा‌र्श्व गायक स्व. किशोर कुमार के बंगले का सौदा होने के बाद अब इसकी फाइनल डील मुंबई में होगी। उनके परिजनों ने खरीददार को मुंबई बुलाया है। संभवत: एक सप्ताह के भीतर बंगला खरीदे जाने की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

मप्र के खंडवा में बॉम्बे बाजार स्थित किशोर कुमार का बंगला बेचे जाने को लेकर परिवार में ही विवाद शुरू हो गया है। किशोरदा के पुत्र सुमित कुमार बंगले के बंटवारे में मिला अपना हिस्सा बेचना चाहते हैं। इस पर अनूप कुमार के पुत्र अर्जुन कुमार ने आपत्ति की है। ऐसे में अपने-अपने वकीलों के साथ बैठकर इस मामले को सुलझाने और बंगले की फाइनल डील के लिए सुमित कुमार ने खरीददार अभय जैन को मुंबई बुलाया है। गौरतलब है कि अर्जुन कुमार बंगले में अपना 75 फीसद हिस्सा बता रहे हैं, जबकि सुमित का हिस्सा 25 फीसद है। व्यवसायी जैन का कहना है कि बंगले के सौदे को लेकर चर्चा अर्जुन कुमार से नहीं बल्कि बेटे सुमित से हुई है।

बंगले में धूल खा रहीं हैं स्मृतियां

किशोर दा के जर्जर बंगले में आज भी उनकी स्मृतियां धूल खा रही हैं। छज्जे का एक हिस्सा गिर चुका है। सीढि़यों से ऊपर की ओर जाने पर यहां मौजूद एक कमरे में वह दीवान आज भी रखा है जिस पर किशोरदा का जन्म हुआ था। ऊपरी हिस्से में एक पूजाघर भी बना हुआ है। यहां श्रीकृष्ण की मूर्ति रखी हुई हैं। रविवार को कुछ प्रशंसकों ने यहां पहुंचकर मंदिर में अगरबत्ती जलाकर बंगला नहीं बिकने की प्रार्थना की। इस बंगले को नगर निगम द्वारा कंडम घोषित कर दिया गया है। पिछले वर्ष निगम की ओर से परिवार को बंगला तोड़े जाने के लिए नोटिस भी दिया गया था।

सरकार को दें बंगला

खंडवा प्रवास पर आए प्रभारी मंत्री पारस जैन ने बंगला बेचे जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इसे धरोहर के रूप में सहेजा जाना चाहिए। मेरा परिवार से निवेदन है कि वह किशोरदा की याद को हमेशा बनाए रखने के लिए इस स्थल को संजोकर रखें। यदि वे सरकार को बंगला देते हैं तो इसे सहेजने के लिए काम किया जाएगा। सांसद नंद कुमार सिंह चौहान ने कहा कि हमने पूर्व में परिवार से संपर्क कर बंगले को खरीदने का प्रयास किया था लेकिन सफलता नहीं मिली।

Share this story