CM योगी आदित्यनाथ अपने शिष्य का हालचाल लेने गाजियाबाद के निजी अस्पताल पहुंचे

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने बीमार शिष्य से मिलने वैशाली स्थित मैक्स अस्पताल पहुंचे। गाजियाबाद के इस निजी अस्पताल में भर्ती सीएम योगी के शिष्य शशिकांत गुप्ता पिछले 10 दिनों बीमार हैं। उन्हें टाइफाइड हुआ है, जिसका इस अस्पताल में इलाज चल रहा है।जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार सुबह 10:30 बजे मैक्स अस्पताल पहुंचे और शिष्य शशिकांत का हालचाल लेने के बाद 11:30 बजे हिंडन एयरबेस पहुंचे। यहां से हेलीकॉप्टर के जरिये सीएम कैराना जाएंगे, जहां लोकसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह के पक्ष में जनसभा करेंगे।

बताया जा रहा है कि सीएम योगी के मैक्स अस्पताल पहुंचने की पहले से सूचना नहीं थी। सूचना मिलते ही आनन-फानन में सभी थाने की पुलिस फोर्स मौके पर बुलाई गई। पुलिस प्रशासन और यातायात पुलिस यूपी गेट से लेकर मैक्स अस्पताल तक रास्ते में खड़े वाहनों को हटवाने में जुटा रहा। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहुंचने से पहले जिलाधिकारी रितु माहेश्वरी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण समेत अन्य अधिकारियों ने मैक्स हॉस्पिटल पहुंचकर व्यवस्था दुरुस्त करवाई।

इससे पहले इसी महीने की 5 मई को सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ का जिले में आगमन पूरी तरह निजी कार्यक्रम रहा था। गाजियाबाद में कौशांबी के एक निजी अस्पताल में भर्ती अपने बहनोई राजेन्द्र चौधरी का कुशलक्षेम पूछने पहुंचे थे। अस्पताल में सीएम करीब पंद्रह मिनट रुके और बीमार का हालचाल लिया। अपने रिश्तेदारों से बातचीत के साथ ही मुख्यमंत्री ने उनके बहनोई का इलाज कर रही चिकित्सकों की टीम से वार्ता भी की थी।
राजेन्द्र चौधरी (65) वैशाली में अपने परिवार के साथ रहते हैं। दो दिन पूर्व उनको न्यूरोजीकल प्राब्लम के चलते कौशांबी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उनका उपचार न्यूरोलोजिस्ट डॉ. सुमन्तो चटर्जी व इंटरनल मेडिसन डॉ. अंशुमन त्यागी की देखरेख में किया जा रहा है। राजेन्द्र चौधरी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सगे बहनोई हैं।

Share this story