कोटा में रामदेव की मौजूदगी में 1 लाख से ज्यादा लोगों ने योग किया, बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
कोटा : शहर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और योग गुरु रामदेव की मौजूदगी में 1 लाख से ज्यादा लोगों ने एकसाथ योगाभ्यास कर गिनीज बुक में रिकॉर्ड दर्ज कराया। तीन दिवसीय राज्य स्तरीय योग शिविर का मुख्य समारोह गुरुवार को यहां के आरएसी ग्राउंड में हुआ। कार्यक्रम में 2 लाख लोगों के जुटने का दावा किया गया। इनकी गिनती पूरी होने के बाद रिकॉर्ड का आंकड़ा बढ़ सकता है। अभी तक यह रिकॉर्ड मैसूर के नाम था। पिछले साल वहां योग दिवस पर 55 हजार 506 लोगों ने एकसाथ योग किया था।
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम ने योग करने वाले हर 50 लोगों पर एक व्यक्ति को मूल्यांकन के लिए तैनात किया गया। उसने देखा कि लोग योग कर रहे हैं या नहीं। दो जज लंदन से आए। स्वतंत्र ऑडिटर भी बुलाए गए, जिन्होंने परिसर का मूल्यांकन किया। ड्रोन से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी हुई।
हर व्यक्ति को एक बार कोड दिया गया: आरसीए मैदान में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति को एक बार कोड दिया गया। इसके आधार पर उसकी एंट्री हुई। एंट्री के लिए बनाए गए 10 गेट पर करीब 100 बार कोड रीडर लगे थे।
तीन दिन 100 रिकॉर्ड बने: योग साधकों ने कोटा में पिछले तीन दिन में अलग-अलग तरीके से रिकाॅर्ड बनाए। सोमवार और मंगलवार को 49 और बुधवार को 51 रिकाॅर्ड बनाए गए। ये सभी रिकाॅर्ड गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकाॅर्ड में दर्ज हो चुके हैं।
तैयारी के लिए 125 घंटों की मीटिंग: एक सप्ताह से सभी अधिकारियों का फोकस सिर्फ इसी समारोह पर था। इसके लिए 125 घंटे अफसरों ने मीटिंग ली और 20 बार मैदान का निरीक्षण किया। पतंजलि की टीम के लाेग भी अधिकारियों के लगातार संपर्क में रहे।
रामदेव ने की थी अपील- लोग वक्त पर पहुंचें: रामदेव ने लोगों से कहा था कि आज गिनीज बुक रिकॉर्ड बनेगा, जहां एक ही जगह पर दो लाख से ज्यादा लोग योग करेंगे। इसलिए ध्यान रहे कि सबको टाइम पर आना पड़ेगा और अनुशासित तरीके से योग करना पड़ेगा, नहीं तो यह रिकॉर्ड नहीं बन पाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग मेरी बुराई भी करते हैं, लेकिन पीछे से यह भी कहते हैं कि बाबा सही कर रहे हैं। उनके मुताबिक, हमें 60 मिनट याेग करने से 18 घंटे तक काम करने की ताकत मिलती है।