भ्रष्टाचार छुपाने के लिए हो रहा ठगबंधन- केशव प्रशाद मौर्या

भ्रष्टाचार छुपाने के लिए हो रहा ठगबंधन- केशव प्रशाद मौर्या

आज देश आगे बढ़ रहा है गरीबी कम हो रही है और शिक्षा का स्तर बढ़ रहा है:केशव प्रशाद मौर्या

बाराबंकी-विपक्षी दल महागठबन्धन के बाद भाजपा की नींद उड़ जाने का हवाला दे रहे है वहीँ भाजपा भी उनको घेरने में जुट गयी है | आज विपक्षी दलों को घेरने की बारी थी उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या की | आज डिप्टी सीएम ने अपने ही अलग अन्दाज में विपक्षी पर कटाक्ष किये | केशव मौर्या ने विपक्षी गठबंधन को भ्रष्टाचारी " ठगबन्धन " के नाम की संज्ञा दी | केशव मौर्या ने कहा कि यह लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दूसरी बार प्रधानमंत्री इस लिए नहीं देखना चाहते क्योंकि मोदी के दोबारा आने से इनका भ्रष्टाचार सबके सामने आ जायेगा |

बाराबंकी की नगर पालिका परिषद् प्राँगण में आज भाजपाईयों की भीड़ उमड़ आयी | इस प्रांगण में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए | यह कार्यक्रम जनपद रायबरेली की बछरांवां विधानसभा से विधायक और बाराबंकी निवासी राम नरेश रावत ने राजा गंगाबख्श रावत की याद में आयोजित सम्मान समारोह के रूप में आयोजित किया था | उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या , प्रदेश के कानून मंत्री ब्रजेश पाठक और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के विधायक पुत्र पंकज सिंह सहित स्थानीय भाजपा विधायक सांसद और नेता शामिल हुए |

इस कार्यक्रम के बाद उप मुख्यमन्त्री केशव प्रसाद मौर्या ने देश भर में हो रहे विपक्षी गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग इकट्ठा हो रहे हैं और प्रधानमंत्री मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री के रूप में नहीं देखना चाहते वह सिर्फ इस लिए कि अगर मोदी दोबारा आ गए तो इनका भ्रष्टाचार ,इनके कारनामें सबके सामने आ जायेंगे | आज देश आगे बढ़ रहा है गरीबी कम हो रही है और शिक्षा का स्तर बढ़ रहा है | यह बात इन लोगों के गले इस लिए नहीं उतर रही है क्योंकि अगर यह सब हो गया तो इनकी दुकाने बन्द हो जाएँगी | इस लिए यह कोई गठबन्धन नहीं बल्कि "ठगबन्धन " है |

रिपोर्टर, सैफ मुख्तार

Share this story