राजघाट पर दिल्ली कांग्रेस ने किया मौन प्रदर्शन

राजघाट पर दिल्ली कांग्रेस ने किया मौन प्रदर्शन


नयी दिल्ली। दिल्ली के राजघाट पर दिल्ली कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता के अपमान का विरोध जताने के लिये मौन प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष शीला दीक्षित लीड कर रही थीं। इस मौके पर शीला दीक्षित ने कहा कि गांधी जी देश की सोच हैं। उनका अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने हिन्दू महासभा की नेता पूजा शकुन पाण्डे की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।

श्रीमती दीक्षित ने आगे कहा कि यह शर्म की बात है कि एक तरफ देश के प्रधानमंत्री मोदी महात्मा गांधी के आदर्शों के अनुसरण करने की बात करते हैं वहीं उप्र में जहां उनकी ही पार्टी की सरकार है।

वहीं अलीगढ़ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के दिन ही हिन्दू महासभा की नेता पूजा शकुन पाण्डे ने अपने समर्थकों के साथ एक चैराहे पर महात्मा गांधी पोस्टर पर गोलियां चलाने का ड्रामा किया। इतना ही नहीं शकुन ने गांधी के बारे में अशोभनीय टिप्पणियां कीं। इन लोगों महात्मा गांधी मुर्दाबाद और नाथूराम गोडसे जिंदाबाद के नारे भी लगाये। इतना ही नहीं इन लोगों ने इस घटना का वीडियो बना कर यू ट्यूब पर डाल दिया।

यू ट्यूब पर यह वीडियो वायरल हो गया। मामला गरमाता देख स्थानीय प्रशासन नींद से जागा। आनन फानन में आरोपियों की धर पकड़ शुरू हो गयी। एक दर्जन आरोपियों के नाम पर मामला दर्ज कराते हुए आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया गया। लेकिल मुख्य आरोपी शकुन पाण्डे मौके से फरार हो गयी है। स्थानीय पुलिस इस बात का दावा कर रही है कि महिला हिन्दू सभा की नेता को पकड़ने के लिये तत्पर है इस बाबत 11 टीमें गठित की गयी हैं। लोगों में इस बात का रोष है कि घटना के चार दिन बीतने के बाद भी शकुन पाण्डे पुलिस की पकड़ से बाहर है। राजनीतिक दल यह आरोप लगा रहे हैं कि केन्द्र सरकार को हिन्दू महा सभा का समर्थन प्राप्त है यही वजह है कि आरोपी महिला की गिरफ्तारी पर हीला हवाली की जा रही है।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती शीला दीक्षित के नेतृत्व में आयोजित इस धरने में प्रदेश प्रभारी पी0सी0 चाको, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष हारुन यूसूफ, देवेन्द्र यादव और राजेश लिलौथिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जे.पी. अग्रवाल, सुभाष चौपड़ा, पूर्व सांसद श्महाबल मिश्रा, रमेश कुमार, परवेज हाश्मी और जे.के. जैन, पूर्व मंत्री मगतराम सिंघल, रमाकांत गोस्वामी, डा0 योगानन्द शास्त्री, डा0 नरेन्द्र नाथ, किरण वालिया, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता शर्मिष्ठा मुखर्जी, प्रवक्ता जितेन्द्र कुमार कोचर मौजूद सम्मिलित रहे।

Share this story