पैगाम संस्था के संस्थापक आजाद सिंह को दी गई श्रधांजलि, नगर में लगेगी मूर्ति

पैगाम संस्था के संस्थापक आजाद सिंह को दी गई श्रधांजलि, नगर में लगेगी मूर्ति

बलरामपुर। स्थानीय पथिक होटल सभागार में बलरामपुर के वरिष्ठ समाजसेवी व पैगाम संस्था के संस्थापक अध्यक्ष आजाद सिंह की याद में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। पैगाम सामाजिक एवं सांस्कृतिक, साहित्य संगम बलरामपुर व बलरामपुर विकास मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में विभिन्न राजनैतिक व सामाजिक संगठनों के लोगों के साथ-साथ भारी संख्या में साहित्यकार, कवि व शायरों ने अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। लोगों ने स्वर्गीय सिंह को बलरामपुर का अनोखा रत्न बताते हुए उनके निधन को अपूर्णनीय क्षति बताई।


श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए श्रावस्ती सांसद दद्दन मिश्र ने कहा कि आजाद सिंह एक जिंदादिल इंसान थे। उन्होंने समाजसेवा के क्षेत्र में एक कीर्तिमान स्थापित किया था। उनका निधन समाज की अपूर्णनीय क्षति है जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती है। पूर्व राज्यमंत्री डा. एसपी यादव ने कहा कि स्व. सिंह का जीवन समाज के लिए समर्पित था। उन्होंने अंतिम सांस तक बलरामपुर के विकास की लड़ाई लड़ी। उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का हम सभी को प्रयास करना चाहिए। पीस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. अब्दुल मन्नान ने उनके बिताए गए पलों को साझा किया। कहा कि स्वर्गीय आजाद सिंह अपने आप में एक संस्था थे। सभी के साथ आसानी के साथ घुल मिल जाते थे। वह किसी के पद और उसके पैसों के हिसाब से उसका सम्मान नहीं करते थे बल्कि हर व्यक्ति के अंदर छिपी उसकी खूबियों का सम्मान करते थे।

भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश सिंह ने उनके राजनैतिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज बलरामपुर ने अपना अनोखा रत्न खो दिया है जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती है। नगर पालिका परिषद की पूर्व अध्यक्षा इशरत जमाल ने स्व. सिंह को नेक दिल इंसान बताते हुए उनके कार्यों की सराहना की। साहित्य संगम के अध्यक्ष डा. एपी पांडेय ने कहा कि स्वर्गीय सिंह साहित्यकार कवियों व शायरों का बहुत सम्मान करते थे। वह शेरों शायरी के बहुत शौकीन थे। उनका निधन साहित्य जगत के लिए अपूर्णनीय क्षति है। श्रद्धांजलि सभा में लोगों ने स्वर्गीय श्री सिंह के किए गए सामाजिक कार्यों को याद कर उनके अधूरे काम को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। पैगाम संस्था के उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी ने स्व. सिंह के बारे में विस्तृत जानकारी दी। सचिव वैष्णवी सिकरवार ने लोगों का आभार प्रकट किया। श्रद्धांजलि सभा को पूर्व विधायक अशफाक अहमद, खालिद बिन अफजल, कांग्रेस प्रदेश महामंत्री अरुण प्रकाश सिंह, युवा नेता भुवन प्रताप सिंह, भाजपा जिला महामंत्री अजय सिंह पिंकू, उद्योग व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष संजय शर्मा, मेहंदी अब्बास रिजवी, गयास अहमद, डा. अब्दुल कय्यूम, मनीष शुक्ला, वर्षकार सिंह कलहंस, डा. तुलशीष दूबे, डीपी तिवारी, टीबी लाल, डा. हामिद, दिलीप श्रीवास्तव, राघवेन्द्र प्रताप सिंह समीर, शमसुल्लाह, इरफान पठान, स्वर्णलता श्रीवास्तव सहित कई अन्य लोगों ने संबोधित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद श्रद्धांजलि सभा स्थल से लोगों ने कैंडिल मार्च निकालकर वीर विनय चौराहा पहुंचे। लोग आजाद सिंह अमर रहे का नारा लगा रहे थे। चौराहे पर बने शहीद स्मारक पर मोमबत्ती जलाकर स्व. सिंह को श्रद्धांजलि दी। स्व. सिंह को श्रद्धांजलि देने वालों में भाजपा नगर अध्यक्ष बृजेन्द्र तिवारी, घनश्याम मिश्रा, डा. पंकज गुप्ता, मेराज अहमद, डा. देवेशचन्द्र श्रीवास्तव, डा. जुबेर, डा. नवाब, सरदार प्रीतपाल सिंह, अन्नू सिंह, भूपेन्द्र सिंह, अजय श्रीवास्तव, अशोक तिवारी, हिमांशू दीक्षित, राजीव द्विवेदी, शफीक अहमद, तारिक पठान सहित भारी संख्या में लोग शामिल थे। श्रद्धांजलि सभा का संचालन डा. दवेन्द्र कुमार चौहान ने किया।

नगर पालिका लगवाएगी आजाद सिंह की प्रतिमा

समाजसेवी स्वर्गीय आजाद सिंह की श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे नगर पालिका परिषद की चेयरपर्सन के प्रतिनिधि शाबान अली ने स्व. सिंह की नगर में प्रतिमा लगाए जाने की घोषणा की। कहा कि उनका जीवन समाज के लिए समर्पित था। वह युवाओं के मार्गदर्शक थे। उनके द्वारा बनवाया गया वीर विनय चौक पर शहीद स्मारक लोगों की आस्था का केन्द्र है। आने वाली पीढ़ी आजाद सिंह के बारे में जाने इसलिए नगर पालिका परिषद ने उनकी प्रतिमा लगाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही स्थान का चयन कर स्व. सिंह की प्रतिमा लगवाई जाएगी।

रिपोर्ट - वैभव त्रिपाठी

Share this story