सपा -बसपा ,कांग्रेस करती है देश को लूटने का काम कहा स्वतंत्र देव सिंह ने

सपा -बसपा ,कांग्रेस करती है देश को लूटने का काम कहा स्वतंत्र देव सिंह ने

लखनऊ-भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party)उत्तर प्रदेश की प्रदेश परिषद के सदस्यों की बैठक आज पार्टी के राज्य मुख्यालय पर संपन्न हुई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं केन्द्रीय चुनाव पर्यवेक्षक भूपेन्द्र यादव ने श्री स्वतंत्र देव सिंह(Swatantra Dev Singh) को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित होने की घोषणा की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) शिव प्रकाश जी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, सह केन्द्रीय चुनाव सह पर्यवेक्षक श्री मंगल पाण्डेय, प्रदेश चुनाव अधिकारी श्री आशुतोष टण्डन गोपाल, सह चुनाव अधिकारी वाईपी सिंह सहित प्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा0 रमापतिराम त्रिपाठी व सूर्य प्रताप शाही, राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी सहित कई अन्य वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी, मंत्रीगण, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

प्रदेश परिषद बैठक का संचालन प्रदेश मंत्री त्रयम्बक त्रिपाठी ने किया। केन्द्रीय चुनाव पर्यवेक्षक श्री भूपेन्द्र यादव जी द्वारा श्री स्वतंत्र देव सिंह जी को नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष घोषित करने के साथ ही भारत माता की जय और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत व अभिनंदन किया गया।


पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं केन्द्रीय चुनाव पर्यवेक्षक श्री भूपेन्द्र यादव जी ने प्रदेश परिषद की बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने एक कर्मठ कार्यकर्ता व पार्टी विचारधारा के लिए समर्पित श्री स्वतंत्र देव सिंह को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पार्टी संगठन को आगे ले जाने के लिए चुना।

उन्होंने नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को उत्तर प्रदेश इकाई का अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई देते हुए कहा कि श्री स्वतंत्र देव सिंह ने सदैव पार्टी संगठन के प्रति समर्पित होकर एक कार्यकर्ता के रूप में लगातार कार्य किया। न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि अन्य प्रदेशों में भी पार्टी की योजनानुसार श्री स्वतंत्र देव सिंह लगातार बिना किसी अपेक्षा के चाहे चुनाव का कार्य हो या संगठन का करते रहे।


श्री भूपेन्द्र यादव जी ने कहा कि जनसंघ की स्थापना के बाद से ही हमने लगातार कई उतार-चढाव देखे। आपातकाल के बाद देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए हम जनता पार्टी के साथ गये, लेकिन बाद में अपनी विचारधारा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की सोच के साथ 1980 में भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ। भाजपा के गठन के बाद राष्ट्र निर्माण और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण और उसके उत्थान के लक्ष्य के साथ हम लगातार कार्य करते रहे। उन्होनें कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी जी के नेतृत्व में हमने गैर कांग्रेसी सरकार के विकल्प के रूप में देश के विभिन्न दलों को साथ लेकर केन्द्र में सरकार बनाई और भारत में विकास की राजनीति को आगे बढ़ाते हुए देश को आगे बढ़ाया।

उन्होंने कहा कि मा. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने 2014 में बनी अपनी पहली सरकार को गरीबों के लिए समर्पित सरकार बनाई है। और राजनीति और सुशासन का माॅडल क्या होता हैं ये सबके सामने प्रस्तुत किया। गरीबों के कल्याण के लिए मोदी सरकार ने कई महत्वपूर्ण काम किये। जिसका परिणाम ये रहा कि 2019 के चुनाव में मा. मोदी जी के नेतृत्व में हम 2014 के लोकसभा चुनाव की तुलना में 4 करोड़ अधिक वोट लेकर केन्द्र में सरकार बनाने में सफल रहे।

उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण के लिए पं0 दीन दयाल उपाध्याय द्वारा दिखाये गये अन्त्योदय के मार्ग पर चलते हुए केन्द्र सरकार ने गरीबों के कल्याण के लिए कार्य किया।
राष्ट्रीय महामंत्री श्री भूपेन्द्र यादव जी ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में वर्तमान की केन्द्र सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा, देश की एकता और अखण्डता के लिए जम्मू-कश्मीर से धारा 370 व 35ए की समाप्ति, पिछड़े वर्ग के कल्याण के लिए संवैधानिक आयोग का गठन करने के साथ ही कई अन्य महत्वपूर्ण कार्य किये।

श्री भूपेन्द्र यादव जी ने उत्तर प्रदेश में संगठन चुनावों के माध्यम से मजबूत पार्टी संगठन तैयार होने की प्रशंसा करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ समाज के प्रत्येक तबके के कल्याण के लिए कार्य करें। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आहवान किया कि वे संकल्प लेकर पार्टी संगठन के विस्तार के लिए कार्य करे और मा. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा लोककल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचे, इसके लिए भी कार्य करें।
पार्टी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने अपने निर्वाचन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मेरे लिए यह सौभाग्य की बात है कि जिस पवित्र संगठन को पं0 दीनदयाल उपाध्याय और डा0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महान तपस्वियों ने सींचा ऐसे पवित्र संगठन के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पार्टी संगठन की सेवा करने का मुझे अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक मात्र ऐसा संगठन है जिसके कार्यकर्ता बिना किसी मोह के राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित होकर कार्य करते है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का एक गौरवशाली इतिहास रहा है। कुछ मिले न मिले, राष्ट्र के लिए सब कुछ न्यौछावर करने का मंत्र लेकर अनवरत कार्य करते रहने वाले देवतुल्य कार्यकर्ता भारत माता की जय के लिए अपना जीवन भी कुर्बान करने के लिए सदैव तत्पर रहते है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एक ऐसा दल है जहां बूथ अध्यक्ष भी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। श्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की पंूजी है और इन्ही कार्यकर्ताओं के बल पर पार्टी संगठन का विस्तार और भी अधिक तेजी से हो इसके लिए मैं कार्य करने का प्रयास करूंगा।

नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जहां बूथ अध्यक्ष का पसीना बहेगा वहां मैं अपना खून बहाने को भी तैयार रहूंगा। पार्टी कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान और स्वाभिमान के साथ कोई समझौता नहीं करूंगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पार्टी संगठन की योजना के अनुसार दल को मजबूत करने के साथ-साथ समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका का निर्वाहन करें। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ प्रदेश और भारत को विश्व का सिरमौर बनाने के लिए जो भी करना होगा हम सब पार्टी कार्यकर्ता मिलकर करेंगे।


नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा का गौरवशाली इतिहास रहा है, पार्टी के गौरवशाली इतिहास पर लगातार आक्रमण होता चला आ रहा हैं। उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उसकी नेता सोनिया गांधी ने तो राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ को हिन्दूवादी संगठन बताते हुए उसे आतंकवादी संगठन बताने से भी गूरेज नहीं किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संघ एक पवित्र संगठन है। संघ एक ऐसा संगठन है जहां से त्यागी और तपस्वी निकलते है जो राष्ट्र निर्माण के लिए अपना सर्वस्व त्याग देते है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विपक्षी दल के नेताओं को अपना भ्रम दूर करते हुए यह जान लेना चाहिए कि भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं को कुछ मिले या न मिले वे राष्ट्र के लिए अपना जीवन त्यागने के लिए हमेशा तैयार रहते है। भारत माता की जय और वन्देमातरम् के लिए जीवन कुर्बान करना पड़े तो जीवन भी कुर्बान कर देते है।
श्री स्वतंत्र देव सिंह जी ने कहा कि राष्ट्र के लिए समर्पित होकर कार्य करने वाले मा. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के लिए राष्ट्र और देश की 130 करोड़ जनता ही सब कुछ है।

प्रधानमंत्री के रूप में मा. मोदी जी ने अपने परिवार को प्राथमिकता नहीं दी, न ही कोई उनकी चिंता की बल्कि उनकी चिंता में समाज में अंतिम पायदान पर खड़ा वह व्यक्ति रहा जो पीढ़ियों से शोषित, वंचित, पीड़ित, गरीब है। ऐसे लोगो के उत्थान के लिए छत, शौचालय, गैस जैसी कई अन्य सुविधाएं देने के लिए कार्य तो किया ही साथ ही उनके स्वास्थ्य की चिंता के लिए आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख की व्यवस्था भी की। प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में भी राज्य सरकार लगातार लोककल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने सपा, बसपा और कांग्रेस को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि भाजपा वंशवादी पार्टी नहीं है। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस में परिवारवाद पूरी तरह हाबी है। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा और कांग्रेस जैसे दल देश या समाज के लिए काम करने नहीं बल्कि देश को लूटने के लिए काम करते है। उनके ऐजेण्डे में समाज का कल्याण नहीं बल्कि अपने परिवार का कल्याण है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने भाजपा कार्यकर्ताओं का आहवान किया कि वे राजनीति को सेवा का माध्यम बनाकर आमजन के कल्याण के लिए कार्य करें।

श्री स्वतंत्र देव सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आहवान किया कि जबतक समाज के अंतिम व्यक्ति को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध न हो जाये तब तक हमें लगातार कार्य करते रहना है।
इसके पूर्व प्रांतीय परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्र देव सिंह के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि विगत छः माह में प्रदेश अध्यक्ष के रूप में स्वतंत्र देव सिंह जी की कार्य पद्धति को सभी ने देखा है। इससे पूर्व संगठन में अनेक दायित्वों का निर्वहन करते हुए जिस कुशलता और क्षमता से उन्होंने कार्य किया है। उसी का परिणाम है माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जी ने डा. महेन्द्र नाथ पाण्डेय जी के केन्द्रीय मंत्री मण्डल में जाने के बाद स्वतंत्र जी को प्रदेश संगठन की बागडोर सौंपी।

श्री स्वतंत्र जी ने कार्यकुशलता के साथ सरकार और संगठन के बीच तालमेल बैठाया और संगठन स्तर पर प्रदेश से बूथ तक के कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल और संवाद स्थापित किया और इसी का परिणाम है कि प्रदेश में 12 विधानसभाओं के उपचुनाव में नौ सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी विजय हुए। यह विजय संगठन और सरकार के बेहतरीन समन्वय और कार्यपद्धति के परिणाम स्वरूप प्राप्त हुई है। इस कार्य पद्धति को आगे बढाने के कारण ही अनेक बडे़ कार्यक्रम प्रदेश के अन्दर सम्पन्न हुए। आप सभी ने सर्व सम्मति से श्री स्वतंत्र देव सिंह जी को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित किया। मैं आप सभी का हृदय से अभिनंदन करता हूॅं।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश परिषद बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि हम जिस पीढी में है वह पीढी सौभाग्यशाली है, क्योंकि जिस आन-वान और शान की लड़ाई हमारी कई पीढियों ने लड़ी है उसका सुखद परिणाम देखने का सौभाग्य हम सभी को प्राप्त हो रहा है। 1952 में जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 लागू करके कांग्रेस ने देश में अलगाववाद की नींव रखी थी। भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में पूरे देश के अन्दर धारा 370 के विरोध में आन्दोलन चला। देश में दो प्रधान, दो निशान और दो विधान के विरोध में डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने स्वयं को वलिदान कर दिया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व गृहमंत्री माननीय अमित शाह जी का हृदय से अभिनंदन करता हॅू। जिन्हांेने कश्मीर से धारा 370 को समाप्त करके ‘‘एक भारत श्रेष्ठ भारत‘‘ की परिकल्पना को साकार किया।
श्री योगी जी ने कहा कि आजादी के बाद से महिला सशक्तिकरण की बात सुन रहे है। सशक्तिकरण का अर्थ एक व्यक्ति, एक परिवार, एक जाति, एक मत या एक मजहब तक सीमित होकर नहीं रह सकता। मुस्लिम बहिनें लम्बे समय से तीन तलाक का कलंक झेल रही थी। 1986 में शाहबानों प्रकरण में सुप्रीमकोर्ट की संवैधानिक बैंच ने शाहबानों के पक्ष में फैसला दिया लेकिन तत्तकालीन कांग्रेस सरकार ने संसद में सुप्रीमकोर्ट के निर्णय को पलटने का काम करके मुस्लिम महिलाओं के साथ घोर अन्याय किया था। मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से मुक्ति दिलाने में भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने बड़ी भूमिका का निर्वहन किया। महिला सशक्तिकरण के लिए मोदी जी का हृदय से आभार।

विपक्ष कर रहा है गुमराह करने का प्रयास

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में माननीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक पहल की और नागरिकता कानून में संशोधन करके पाकिस्तान, बंाग्लादेश व अफगानिस्तान से शरणार्थी के रूप में भारत आए धार्मिक प्रताड़ित हिन्दू, सिख आदि को भारत की नागरिकता देने का मार्ग प्रशस्त किया।

वहीं विपक्ष गुमराह करने का काम कर रहा है। पाकिस्तान, बंाग्लादेश व अफगानिस्तान में हिन्दू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी, इसाईयों पर अमानवीय अत्याचार व वर्वरता ढाई गई। इसलिए उन्हें मजबूरन भारत आना पड़ा क्योंकि अखण्ड भारत ही उनकी मातृभूमि, पितृभूमि व देवभूमि थी।


प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को बधाई देते हुए कहा कि नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष श्री स्वतंत्र देव सिंह के विषय में कुछ भी बताना सूरज के सामने दीपक दिखाने जैसा है। उन्होने कहा कि मुझें कहने में कोई संकोच नहीं है कि भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष का हर मण्डल तक कार्यकर्ताओं में सम्पर्क व सम्बन्ध है।

2022 में 100 में 60 हमारा है बाकी में बंटवारा है

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष को शुभकामनाएं व बधाई देते हुए कहा कि यह पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम से अजेय है और अजेय रहेगी। उन्होंने कहा कि राजनीति के चाणक्य राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जी के मार्गदर्शन में 2014 लोकसभा चुनाव में प्रदेश के प्रभारी के रूप में उत्तर प्रदेश में विजय अभियान का प्रारम्भ हुआ।

उन्होंने आगे कहा कि 2022 में 100 में 60 हमारा है बाकी में बंटवारा है, इस लक्ष्य को हम मजबूत संगठन के साथ हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा-कंाग्रेस तीनों के एक साथ चुनाव लड़ने पर भी हम विजय लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे है। भाजपा संगठन बूथ स्तर तक मजबूत होकर सर्वस्पर्शी व सर्वव्यापी हुआ है।
श्री मौर्य ने कहा कि नरेन्द्र मोदी जी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में सरकार जनता के विकास के लिए कार्य कर रही और इसलिए विपक्ष मुद्दा विहीन है। विपक्ष नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 पर दुष्प्रचार कर रहा है, लेकिन जनता मोदी जी व योगी जी के साथ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिस तरह से पार्टी का बूथ से लेकर प्रदेश तक संगठनात्मक गठन हुआ है वह प्रदेश में फिर से चुनाव में बडी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के नेतृत्व में भाजपा संगठन व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन में प्रदेश की जनता के लिए हम सभी काम कर रहे हैं, यह निश्चित ही 2022 के चुनाव में अभूतपूर्व परिणाम देने वाला रहेगा।

केन्द्रीय चुनाव सह पर्यवेक्षक मंगल पाण्डेय जी ने प्रदेश भाजपा के नव निर्वाचित अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को बधाई दी। हमने एक साथ युवा मोर्चा में काम किया है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के समय से स्वतंत्र जी को देखते आ रहे है। वह तब से उसी जोश उत्साह परिश्रम के साथ संगठन कार्य करते चले आ रहे है। उन्होने कहा कि मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हॅू कि कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में लगातार पार्टी के लिए कार्य करने वाले स्वतंत्र देव सिंह जी के निर्वाचन के समय केन्द्रीय चुनाव पर्यवेक्षक के सहयोगी के रूप में मैं भी आज यहां उपस्थित हूॅ। उन्होंने नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को शुभकानाएं देते हुए कहा कि आप के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा आने वाले विधानसभा चुनाव 2022 में प्रदेश अध्यक्ष की भूमिका में आप कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करेेंगे। वह निश्चित ही 2017 से बडा परिणाम भाजपा खाते में डालेगी।
प्रदेश चुनाव अधिकारी श्री आशुतोष टण्डन ने प्रदेश संगठन के चुनावों के बारे में विस्तार पूर्वक जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश के 1 लाख 63 हजार बूथ में लगभग 1 लाख 57 हजार बूथों पर संगठन के चुनाव हुए वह भी केवल 5 दिनों में 18 सितम्बर से 23 सितम्बर के बीच संपन्न हुए। उन्होंने बताया कि 1918 मण्डलों के संगठनात्मक चुनाव 2 दिनों में संपन्न हुए। साथ ही 98 में से 87 नव निर्वाचित जिलाध्यक्षों की घोषणा अब तक हो चुकी है। उन्होंने बताया कि 27500 पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरे प्रदेश में संगठन चुनाव अधिकारी के रूप में कार्य किया।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री सुनील बंसल जी लगातार संगठनात्मक चुनावों की समीक्षा व मानीटरिंग करते रहे साथ ही प्रदेश मुख्यालय पर सभी 6 संगठनात्मक क्षेत्रों के चुनावों की देख-रेख के लिए एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया। श्री टण्डन ने कहा कि संगठनात्मक चुनावों की ऐसी प्रक्रिया सिर्फ भाजपा जैसे लोकतांत्रिक दल में ही संभव है। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी कई बार ने चुनाव प्रबंधन में आकर हमें मार्गदर्शन दिया। प्रदेश संगठन महामंत्री ने पूरे समय चुनाव की मानीटरिंग की। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने हौसला बढाने का काम किया।
इसके पूर्व दीप प्रज्जवलन कर वन्देमातरम् के साथ प्रांतीय परिषद की बैठक का शुभारम्भ हुआ। केन्द्रीय चुनाव पर्यवेक्षक श्री भूपेन्द्र यादव, सह चुनाव पर्यवेक्षक श्री मंगल पाण्डेय, प्रदेश चुनाव अधिकारी आशुतोष टण्डन गोपाल ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को निर्वाचन का प्रमाण पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का स्वागत व अभिनंदन किया। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, महामंत्री श्री विजय बहादुर पाठक, श्री गोविन्द नारायण शुक्ला, श्री पंकज सिंह, श्री विद्यासागर सोनकर और सलिल विश्नोई, प्रदेश मंत्री वाईपी सिंह ने नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का स्वागत किया। प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री सुनील बंसल जी ने अंग वस्त्र पहनाकर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष जी का स्वागत किया।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन को लेकर आज सुबह से ही बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता राज्य मुख्यालय पर एकत्र होने लगे। केन्द्रीय चुनाव पर्यवेक्षक श्री भूपेन्द्र यादव द्वारा जैसे ही श्री स्वतंत्र देव सिंह जी को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित घोषित किया गया कार्यकर्ताओं ने ढोल, मजीरों के साथ अपना हर्ष व्यक्त करते हुए गगनभेदी नारो से श्री स्वतंत्र देव सिंह जी का स्वागत व अभिनंदन किया। पार्टी के राज्य मुख्यालय के परिसर में बने मंच पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष के रूप में पहुंचे श्री स्वतंत्र देव सिंह जी का हजारों की संख्या में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से जबरदस्त स्वागत व अभिनंदन किया।

Share this story