मुम्बई में बारिश का कहर ,25 लोगों की गई जान 

 

 मुंबई में वर्षा से जुड़ी दुर्घटनाओं में 25 लोगों की मौत, मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया

newsonair

Akashavani samachar news on air 

मौसम विभाग ने मुंबई और उसके उपनगरीय इलाकों के कुछ स्‍थानों पर सोमवार सुबह तक मूसलाधार बारिश होने की चेतावनी दी है। इसके साथ ही मुंबई, रायगढ़, रत्‍नागिरी, सिन्‍धु दुर्ग, कोल्‍हापुर और सतारा जिलों में जोरदार बारिश होने की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।


मुंबई में वर्षा से जुडी अलग-अलग घटनाओं में 25 लोग मारे गए हैं और आठ घायल हुए हैं। चेंबूर, विकरोली, बंदूप और चांदीवली में दीवार ढहने की घटना में 24 लोग मारे गए और आठ घायल हो गए। अंधेरी में कंरेट लगने से एक व्‍यक्ति की मौत हो गई। राज्‍य सरकार ने दीवार ढहने की घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री की ओर से भी मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की गई है। यह राशि प्रधानमंत्री राहत कोष से जारी की जाएगी।

मुंबई में तेज बारिश के चलते जगह-जगह जल भराव हो गया है। सुबह लोकल ट्रेन सेवाएं बारिश के कारण बाधित रहीं। लंबी दूरी की छह रेलगाडि़यों को रद्द कर दिया गया। 12 के समय में परिवर्तन किया गया है और 12 अन्‍य रेलगाडियों को बीच रास्‍ते में मुंबई में ही रोक दिया गया।

बृहन मुंबई नगर निगम के अनुसार मुंबई के दहीसर, चेंबूर, विकरोली, कंदीवली, मारोल, बोरीवली और वर्ली इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान 200 मिली‍मीटर से ज्‍यादा वर्षा रिकॉर्ड की गई।