सूर्य का अध्ययन करने के लिए आदित्या एल-1 मिशन वर्ष 2023 में भेजा जायेगा

 
 

ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय

लखनऊ। इन्दिरा गांधी नक्षत्रशाला, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उ0प्र0 द्वारा दिनांक 09.06.2023 को इसरो के वैज्ञानिक डा0 मोहम्मद हसन के व्याख्यान का आयोजन परिषद परिसर में किया जा रहा है।

डा0 मोहम्मद हसन, वैज्ञानिक/इन्जीरियर (एस0ई0), प्रोग्राम मैनेजर, साइंस प्रोग्राम आफिस, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन मुख्यालय, बैंगलोर आदित्या एल-1 मिशन के आउटरीच कार्यक्रमों के सदस्य सचिव हैं। इनके द्वारा सम्पूर्ण देश में आदित्या एल-1 मिशन पर आउटरीच कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

इसरो द्वारा आदित्या एल-1 पर पूरे देश में वर्कशापस एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित कराये जा रहे हैं जिससे विद्यार्थियों, आम जनमानस को आदित्या एल-1 मिशन के बारे में जानकारियाँ प्राप्त हो सकें तथा यूनिवर्सिटी स्टूडेन्टस आदित्या एल-1 मिशन से प्राप्त डाटा का अध्ययन कर सकें।

सूर्य, पृथ्वी के सबसे निकट का तारा है। विश्व के अधिकतर देश सूर्य पर रिसर्च कर रहे हैं। अमेरिकी अतंरिक्ष एजेन्सी नासा द्वारा सूर्य पर रिसर्च किये जाने हेतु सोलर पार्कर प्रोब भेजा है। इसी क्रम में भारत द्वारा भी सूर्य का अध्ययन किये जाने हेतु आदित्या एल-1 मिशन वर्ष 2023 में भेजा जायेगा। आदित्या एल-1 मिशन प्रोजेक्ट पर भारतीय अतंरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो), इण्टर यूनिवर्सिटी सेण्टर फार एस्ट्रोनामी एण्ड एस्ट्रोफिजिक्स (आईयूसीएए) भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला, अहमदाबाद, भारतीय तारा भौतिकी संस्थान (आईआईए) कार्य कर रहे हैं।

आदित्या एल-1 में सात पेलोड्स हैं। आदित्या एल-1 को पृथ्वी और सूर्य के मध्य में स्थित प्रथम लाॅगरंजियन प्वाइंट (एल-1) पर स्थापित किया जायेगा। लाॅगरंजियन प्वाइंटस पृथ्वी एवं सूर्य के मध्य स्थित अंतरिक्ष का पार्किंग स्पेस हैं जिसमें पृथ्वी के कृत्रिम उपग्रह तैनात किये जाते हैं। आदित्या एल-1 माह जून-जुलाई, 2023 में इसरो द्वारा प्रक्षेपित किया जायेगा।

आदित्या एल-1 नासा के सोहो मिशन, नासा पारकर सोलर प्रोब, हैलियोस-2 सोलर प्रोब, सोलर आर्बिटर, ए0सी0ई0, आई0आर0आई0एस0 के अनुरूप ही सूर्य के विभिन्न पहलुओं के अध्ययन करने वाला मिशन है। आदित्या एल-1 पर इसरो लगभग 15 वर्ष से कार्य कर रहा है। 

उक्त वर्कशाप में लखनऊ के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के लगभग 100-150 विद्यार्थी एवं यू0पी0 अम्च्योर एस्ट्रोनामर्स क्लब के सदस्य प्रतिभाग कर सकते हैं जिस हेतु परिषद द्वारा आॅनलाइन पंजीकरण प्रारम्भ कर दिया गया है। इस एकदिवसीय वर्कशाप के आयोजन के उपरान्त परिषद द्वारा इसरो के साथ संयुक्त रूप से डा0 मोहम्मद हसन के सहयोग से एक वृहद् आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन जनपद लखनऊ में कराया जायेगा जिसमें जनपद लखनऊ के अतिरिक्त आस-पास के जनपदों के विद्यार्थी भी प्रतिभाग कर सकेंगे। 

वर्कशाप का लिंक : https://shorturl.at/bADX9 

अधिक जानकारी के लिए सुमित कुमार श्रीवास्तव, वैज्ञानिक अधिकारी, इन्दिरा गांधी नक्षत्रशाला, लखनऊ, मो0नं0-8009855777 या upastroclub@gmail.com पर सम्पर्क करें।