सी.एम.एस. के ही प्रखर सिंह ने नेशनल लेबर सर्विस परीक्षा में ऑल इण्डिया 10वीं रैंक अर्जित की
 

CMS Prakhar Singh secured All India 10th rank in National Labor Service Examination.
 
उत्तर प्रदेश डेस्क लखनऊ ( आर एल पाण्डेय)। सिटी मोन्टेसरी स्कूल के मेधावी छात्रों ने इस वर्ष एक बार फिर अपनी मेधा व प्रतिभा से विद्यालय के स्वर्णिम इतिहास में एक और कीर्तिमान जोड़ दिया है। जहाँ एक ओर सी.एम.एस. के मेधावी छात्र आदित्य श्रीवास्तव ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आई.ए.एस.) की अत्यन्त प्रतिष्ठित परीक्षा में ऑल इण्डिया प्रथम रैंक अर्जित कर कीर्तिमान स्थापित किया है तो वहीं दूसरी ओर सी.एम.एस. छात्र कुणाल रस्तोगी, मृणाल कुमार, शिवांश अस्थाना, जान्हवी दुबे, सम्यक चौधरी एवं अभ्युदय प्रताप ने भी शानदार सफलता आई.ए.एस. अधिकारी बनने का सपना साकार किया है।

इसके अलावा, सी.एम.एस. छात्र प्रखर सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित नेशनल लेबर सर्विस परीक्षा में ऑल इण्डिया 10वीं रैंक अर्जित कर अपने मेधात्व का परचम लहराया है। इस प्रकार, सी.एम.एस. के कुल 8 छात्रों ने इस वर्ष अत्यन्त उच्च सफलता अर्जित कर सी.एम.एस. का नाम रोशन किया है। इसी संदर्भ में आज यहाँ सी.एम.एस. कानपुर रोड परिसर में आयोजित एक प्रेस कान्फ्रेन्स में आई.ए.एस. में चयनित सी.एम.एस. के मेधावी छात्रों एवं उनके माता-पिता व परिजनों के साथ ही सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी, सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन व सी.एम.एस. के विभिन्न कैम्पस की प्रधानाचार्याओं ने इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर पत्रकारों से विस्तृत चर्चा की।

प्रेस कान्फ्रेन्स में सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. भारती गाँधी ने सी.एम.एस. से चयनित छात्रों का विवरण देते हुए बताया कि इस प्रतिष्ठित परीक्षा में आदित्य श्रीवास्तव ने प्रथम रैंक अर्जित कर पूरे देश में टॉप किया है जबकि कुणाल रस्तोगी ने 15वीं रैंक, मृणाल कुमार ने 197वीं रैंक, शिवांश अस्थाना ने 260वीं रैंक, जान्हवी दुबे ने 324वीं रैंक, सम्यक चौधरी ने 704वीं रैंक एवं अभ्युदय प्रताप ने 874वीं रैंक अर्जित की है। डा. गाँधी ने आगे कहा कि सी.एम.एस. के इस मेधावी छात्रों ने यह सिद्ध कर दिया है कि कड़ी मेहनत और दृढ़ विश्वास से कोई भी कार्य असम्भव नहीं होता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये मेधावी छात्र अब अपने कार्य क्षेत्र में सी.एम.एस. की फिलासफी के अनुसार 'सर्वधर्म समभाव की भावना के विस्तार में योगदान देंगे।

इस अवसर पर ऑल इण्डिया टॉपर आदित्य श्रीवास्तव के पिताजी श्री अजय श्रीवास्तव एवं माताजी श्रीमती आभा श्रीवास्तव ने सी.एम.एस. का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सफलता का श्रेय सी.एम.एस. शिक्षकों को जाता है, जिन्होंने आदित्य में सफलता के शिखर पर पहुँचने का हौसला जगाया और शुरू से ही उच्च सफलता प्राप्त करने हेतु आत्मीय मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर आई.ए.एस. में चयनित होने वाले सी.एम.एस. छात्रों ने एक स्वर से कहा कि पढ़ाई-लिखाई तो सभी स्कूलों में होती हैं किन्तु आई.ए.एस. जैसी परीक्षा के सफलता प्राप्त करने के लिए जिस संतुलित ज्ञान, आत्मिक शक्ति व गहन चिंतन की आवश्यकता पड़ती है वह उन्हें सी.एम.एस. में पढ़कर ही मिली है। सभी छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं शिक्षकों के अलावा सी.एम.एस. के शैक्षिक वातावरण को दिया।

सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने इस अवसर पर कहा कि सी.एम.एस. के छात्र नित नये कीर्तिमान गढ़ते हुए लखनऊ का नाम देश-विदेश में रोशन कर रहे हैं। प्रो. कंगडन ने सी.एम.एस. शिक्षकों का भी आभार व्यक्त किया, जिनका कठिन परिश्रम छात्रों की सफलता में निहित है। सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस की प्रधानाचार्या डा. विनीता कामरान ने कहा कि इस अभूतपूर्व सफलता पर पूरा सी.एम.एस. परिवार गौरवान्वित है।