मां की गोली मारकर हत्या करने वाला बेटा गिरफ्तार



नई दिल्ली, 09 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली पुलिस ने मुंडका इलाके में पारिवारिक कलह के कारण अपनी ही मां की गोली मारकर हत्या करने वाले बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी की पहचान संदीप के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो पिस्टल, 13 जिंदा कारतूस, 6 खाली कारतूस जब्त किये हैं। एक सितंबर को संदीप ने अपनी मां को गोली मार दी थी, जिससे उपचार के दौरान छह और सात सितंबर की रात को उनकी मौत हो गई थी। वारदात के बाद से आरोपी कहां-कहां पर छिपा था। वह अवैध हथियार कहां और किस से लाया था। इसमें किसने उसकी सहायता की थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

जिला पुलिस उपायुक्त परविन्द्र सिंह ने बताया कि एक सितंबर के दिन करीब साढ़े आठ बजे सैनी चौपाल के पास गांव मुंडका स्थित घर में एक महिला के सिर में गोली लगने और एम्बुलेंस के लिए कॉल पीसीआर को मिली थी। घर में खून बिखरा पड़ा था। इसके अलावा कुछ कारतूस के खोल और जिंदा कारतूस भी मिले। घर में एक देशी कट्टा और एक खिलौना पिस्टल भी मिली थी। घायल महिला की पहचान रोशनी देवी के रूप में हुई थी। जिनको खून से लथपथ हालत में उनके परिवार व रिश्तेदार नजदीक के श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टीट्यूट ले गए थे।

छह और सात सितंबर की रात को महिला रोशनी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला हत्या में तब्दील कर लिया। एसीपी महेन्द्र कुमार की देखरेख में एसएचओ गुलशन नागपाल के निर्देशन में एसआई रमेश हेड कांस्टेबल सुनील,रमेश,प्रवीन और कांस्टेबल अनिल को आरोपी को पकड़ने का जिम्मा सौंपा गया। परिवार वालों से पता चला कि फरार आरोपी संदीप ने अपनी ही मां को पारिवारिक कलह के कारण गोली मारी थी। जिसके बाद वह फरार हो गया था।

पुलिस ने इलाके में लगे डेढ़ सौ से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। उसके रिश्तेदारों दोस्तों समेत चार सौ से ज्यादा लोगों से पूछताछ की। जिनसे पूछताछ करने पर संदीप के सौ से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की थी। आठ दिन की मशक्कत के बाद आरोपी संदीप को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल और एक कारतूस जब्त किया।

आरोपी से पूछताछ करने पर पता चला कि 2013 में उसकी रितु से शादी हुई थी। उनकी पांच साल की एक बेटी है। हालांकि, जल्द ही दोनों के रिश्ते बिगड़ गए और रितु अपने माता-पिता के साथ मायके में ही रहने लगी। संदीप पहले ड्राइवर का काम करता था लेकिन उसने नौकरी छोड़ दी और शराब पीने की लत लग गई। उनकी मां रोशनी संदीप को अपने तरीके से ठीक करने के लिए कह रही थी और धीरे-धीरे उनके बीच रोजाना बहस होने लगी। वारदात की रात को उसकी मां ने उसे सुधारने के लिए फिर से बात की थी, लेकिन आरोपी ने बहसबाजी में उस पर गोली चला दी। गोली उसकी मां के गले से होकर निकल गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और रोजाना अपना ठिकाना बदल रहा था। भागने से पहले उसने अपना फोन भी फेंक दिया ताकि पकड़ा न जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी

Share this story