नवविवाहिता ने लगाया ससुराल वालों पर दहेज के लिए पंखे से उल्टा लटकाने का आरोप



नई दिल्ली, 08 सितंबर (हि.स.)। शाहदरा के जगतपुरी इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक नवविवाहिता ने पति व ससुराल वालों पर दहेज के लिए पंखे से उल्टा लटकाने का आरोप लगाया है। यही नहीं आरोपितों ने पीड़िता के साथ मारपीट कर उसे घर से भी निकल लिया। परेशान होकर पीड़िता ने मामले की सूचना पुलिस को दी।

जांच के बाद पुलिस ने महिला के पति भावनीत सिंह व अन्यों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, अमानत में ख्यानत समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। महिला ने आरोप लगाया है कि उसे कई-कई दिन खाना भी नहीं दिया जाता था। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। पुलिस महिला के परिवार से पूछताछ कर रही है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस के मुताबिक समीरा (30) (बदला हुआ नाम) परिवार के साथ कृष्णा नगर पार्क, जगतपुरी में रहती है। पीड़िता ने बताया कि पिछले साल नवंबर माह में उसकी शादी भावनीत सिंह से हुई थी। शादी के दो दिन बाद ही उसके पति व ससुराल वालों ने उससे दहेज की मांग शुरू कर दी थी। उसका पति, सास-ससुर व अन्य ससुराल वाले उसे दहेज के लिए परेशान करने लगा।

समीरा ने बताया कि उसके परिजनों ने तय दहेज से ज्यादा दिया था। मांग पूरी नहीं होने पर आरोपित ने समीरा को बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। यहां तक उसे कमरे में पंखे पर उल्टा लटका दिया जाता था। न तो उसे परिवार को कॉल करने दिया जाता था और न ही उसे मायके जाने दिया जाता था। समीरा ने आरोप लगाया कि उसका खाना भी बंद कर दिया जाता था।

मार्च में उसकी पिटाई कर घर से निकाल लिया। इसके बाद उसने किसी तरह परिवार व पुलिस को सूचना दी। मामला महिला अपराध शाखा चल रहा था। अब मंगलवार को पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति व ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी

Share this story