साथियों में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए यूपी से खरीदे हथियार, दो गिरफ्तार

साथियों में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए यूपी से खरीदे हथियार, दो गिरफ्तार


साथियों में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए यूपी से खरीदे हथियार, दो गिरफ्तार 


नई दिल्ली, 08 सितंबर (हि.स.)। बाहरी जिला की स्पेशल स्टॉफ पुलिस टीम ने दो ऐसे प्रॉपर्टी डीलर को अवैध पिस्टलों के साथ गिरफ्तार किया है, जो अपने कारोबार में अपना दबदबा बनाना चाहते थे। आरोपितों की पहचान अजय यादव और गुलशन के रूप में हुई है। आरोपितों के कब्जे से अमन विहार इलाके से चोरी स्कूटी, दो अवैध पिस्टल और आधा दर्जन कारतूस जब्त किये हैं।

आरोपितों ने पिस्टल यूपी से खरीदी थी। पुलिस आरोपितों से पिस्टल बेचने वाले के बारे में पता करके उन्हें भी पकड़ने की कोशिश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ समय से यूपी से अवैध हथियारों की खरीद फरोख में यूपी के कई नाम सामने आए हैं। जिनको पकड़ने की कोशिश की जा रही है।

डीसीपी परमिन्द्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपित सुल्तानपुरी इलाके के रहने वाले हैं। पिछले कुछ समय से जिला और आसपास के जिले में अवैध हथियारों से वारदात होनी सामने आई हैं। जिसके कई आरोपित पकड़े भी गए हैं। स्पेशल स्टॉफ में तैनात अजमेर सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम हथियारों की खरीद फरोख करने वालों पर निगाह लगाए हुए हैं।

इस बीच पुलिस टीम को पकड़े गए दोनों आरोपितों के बारे में पता लगा था। जिनको सुल्तानपुरी इलाके से हथिायारों के साथ गिरफ्तार कर लिया। सुल्तानपुरी थाने में दोनों के खिलाफ अवैध हथियार रखने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।

दोनों आरोपितों से पूछताछ में पता चला कि वे प्रॉपर्टी डीलर का कारोबार करते हैं। इलाके के अन्य प्रापर्टी डीलरों के साथ उनकी कारोबार को लेकर दुश्मनी हो गई है। साथ ही वह इस कारोबार में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए साथी डीलरों पर अपना दबदबा बढ़ाने के इरादे से उन्होंने इन अवैध हथियारों को रखना शुरू कर दिया था।

हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी

Share this story