दिल्ली : लूटपाट करने वाले दो बदमाश समेत तीन लोग गिरफ्तार



नई दिल्ली, 07 सितम्बर (हि.स.)। शाहदरा जिले में पिस्टल दिखाकर ताबड़तोड़ लूटपाट करने वाले दो बदमाशों समेत तीन लोगों को स्पेशल स्टाफ व फर्श बाजार थाने की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान ललियाना-चिरोड़ी, बागपत निवासी राशिद उर्फ अन्नू और ईदगाह कॉलोनी, फरूख नगर, गाजियाबाद निवासी राशिद के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में सगे साढ़ू हैं। पुलिस ने आरोपितों के पास से लूटी गई 10 सोने की चेन, 6 जोड़ी कानों के कुंडल, 80 हजार कैश, दो बाइक व अन्य सामान बरामद किया है। दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने लूटा गया माल खरीदने वाले ज्वेलर राजन सोनी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

शाहदरा जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 24 अगस्त को बदमाशों ने काली माता मंदिर के पास पिस्टल दिखाकर एक दंपती से लूटपाट की। इसी तरह कई अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से जांच की। इसके बाद आरोपितों के आने-जाने के रूट का पता किया। एक फुटेज में आरोपित सुंदर नगरी में एक शख्स से मिलते दिखाई दे रहे थे। बाद में उस शख्स की पहचान आस मोहम्मद के रूप में हुई। पुलिस उस तक पहुंच गई। आस मोहम्मद से पूछताछ के बाद पुलिस की टीम ने आरोपितों को भोपुरा, गाजियाबाद से दबोच लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि इन लोगों ने हाल में 10 से अधिक वारदातों को अंजाम दिया। लूट का माल यह लोग राजन को बेच देते थे। बाद में पुलिस ने राजन को गिरफ्तार कर लिया। राजन न्यू सीमापुरी इलाके में ज्वेलरी की दुकान चलाता है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी

Share this story