प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भाजपा का हर बूथ पर 111 वैक्सीन देने का लक्ष्य - शर्मा

भोपाल, 15 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 71वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाएगा, इस मौके पर पार्टी ने 17 सितंबर से सात अक्टूबर तक सेवा और समर्पण अभियान चलाने का फैसला लिया है। राज्य में भाजपा ने हर बूथ पर 111 लोगों को वैक्सीन देने का लक्ष्य रखा है और कुल 71 लाख लोगों को वैक्सीन दी जाएगी।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भाजपा का हर बूथ पर 111 वैक्सीन देने का लक्ष्य - शर्मा
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भाजपा का हर बूथ पर 111 वैक्सीन देने का लक्ष्य - शर्मा भोपाल, 15 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 71वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाएगा, इस मौके पर पार्टी ने 17 सितंबर से सात अक्टूबर तक सेवा और समर्पण अभियान चलाने का फैसला लिया है। राज्य में भाजपा ने हर बूथ पर 111 लोगों को वैक्सीन देने का लक्ष्य रखा है और कुल 71 लाख लोगों को वैक्सीन दी जाएगी।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा पिछड़ों, गरीबों के कल्याण लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के साथ अब सबका प्रयास का नारा दिया है और सभी के प्रयासों से देश को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। वहीं, हमारे नेता पं. दीनदयाल उपाध्याय ने समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए अंत्योदय का ऐसा विचार दिया है, जिसके माध्यम से भाजपा की सरकारें गरीब कल्याण के प्रयास कर रही हैं। 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिवस है और पार्टी हर साल 25 सितम्बर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाती है। इस बार पार्टी ने 17 सितम्बर से सात अक्टूबर तक पार्टी सेवा और समर्पण का अभियान चलाने का फैसला लिया है।

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जिस तरह कोरोना संकट के दौरान वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित कर वैक्सीन तैयार कराई और पूरे देश के लोगों को मुफ्त में उपलब्ध कराई है। 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री का 71 वां जन्मदिवस है और पार्टी ने तय किया है कि सेवा और समर्पण अभियान के अंतर्गत 15 से 23 सितम्बर पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश के 71 लाख लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए अभियान चलाएंगे। इस अभियान में सभी 65 हजार बूथों पर 111 वेक्सीन डोज लगवाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान को सफल बनाने में पार्टी कार्यकर्ताओं और विभिन्न समितियों के सदस्यों के साथ-साथ स्वास्थ्य स्वयंसेवकों की भी सक्रिय भागीदारी होगी।

शर्मा ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 16 एवं 17 सितंबर को प्रदेश कार्यालय एवं सभी जिला कार्यालयों में प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। यह प्रदर्शनी नमो एप पर भी उपलब्ध रहेगी। 16 सितम्बर को प्रदेश के प्रत्येक जिले में पार्टी कार्यकर्ता 71 चिह्न्ति धर्मस्थलों में स्वच्छता अभियान चलाएंगे। 17 सितम्बर को धर्मस्थलों पर प्रधानमंत्री मोदी के दीघार्यु होने की कामना से हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने बताया कि पं. दीनदयाल की जयंती पर 25 सितम्बर को प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को यह बताया जाएगा कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने अंत्योदय के लिए क्या प्रयास किए हैं और इससे लोगों के जीवन में क्या बदलाव आए हैं। इसके अलावा गरीबों, जरूरतमंदों के लिए सेवा के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें अजा मोर्चा, अजजा मोर्चा एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा की सक्रिय भागीदारी होगी।

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि भाजपा गांधीजी का सिर्फ नाम नहीं लेती, बल्कि उनके विचारों को जीवन में उतारती भी है। दो अक्टूबर को गांधी जयंती पर स्वच्छता के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा छोटे शिल्पकारों, खादी उत्पादकों एवं कारीगरों को प्रोत्साहित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने एक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि कांग्रेस की हालत इतनी खराब है कि उसके पास जमीन पर नेता नहीं बचे हैं। ये सिर्फ ट्विटर पर सक्रिय हैं, लेकिन ट्विटर पर सबको देखा नहीं जा सकता, सिर्फ लिखा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दिग्विजय सिंह जैसे नेता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तुलना तालिबान से करते हैं, इससे बड़ा झूठ कुछ हो ही नहीं सकता। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जब मुख्यमंत्री थे, तब 15 महीनों में वे कहीं नहीं गए, किसी से नहीं मिले। अब जाते हैं, लेकिन कहीं 15 मिनट से ज्यादा रुकते नहीं हैं।

--आईएएनएस

एसएनपी/एएनएम

Share this story