6 लाख के इनामी 2 नक्सलियों ने गढ़चिरौली पुलिस के सामने किया सरेंडर
गढ़चिरौली पुलिस ने बुधवार को बताया कि 2 इनामी नक्सलियों ने गढ़चिरौली एसपी के सामने आत्मसमर्पण किया है। इनमें अनिल उम्र 26 साल, निवासी तिम्मा जवेली और रोशनी उम्र 30 साल, निवासी दांडीमरका शामिल हैं। अनिल के ऊपर महाराष्ट्र सरकार ने 4 लाख, तो वहीं रोशनी के ऊपर 2 लाख का इनाम घोषित किया गया था।
जानकारी के मुताबिक अनिल उर्फ रामसाय जगदेव कुजूर साल 2011 में खोब्रामेढा एंबुश में शामिल था। उस हमले में 1 सीआरपीएफ का जवान शहीद हो गया था और 5 घायल हुए थे। इसके अलावा वह मौजा निहायकल और ग्यारापट्टी रोड में हुए एंबुश में भी शामिल था, जहां 5 सीआरपीएफ के जवान घायल हो गए थे।
वहीं दूसरी तरफ रौशनी उर्फ ईरपे नरंगो पल्लो साल 2015 में गढ़चिरौली के मौजा के वन क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में शामिल थी। इसके अलावा साल 2015 में ही उसने मौजा के 3 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी थी।
गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक अंकित गोयल ने बताया कि गढ़चिरौली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान को तेज करने के लिए सरकार द्वारा नक्सलियों के लिए एक अवसर प्रदान किया जा रहा है। इससे कई नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक साल 2019 से लेकर 2022 में अब तक कुल 51 हार्डकोर नक्सलियों ने गढ़चिरौली पुलिस के सामने सरेंडर किया है।
--आईएएनएस
एसपीटी/एसकेपी