भारत मे कोई भी असर नही होगा Chandra Grahan 2020 का

भारत मे कोई भी असर नही होगा Chandra Grahan 2020 का

भारत में दिखाई नहीं दे रहा चंद्र ग्रहण, इन देशों में आ रहा नजर

सत्यदेव शर्मा सहोड़
Jyotish Desk -इस साल का चौथा ग्रहण और तीसरा चंद्र ग्रहण शुरु हो गया है। लेकिन ये चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई नहीं दे रहा है। भारतीय समयानुसार इस चंद्र ग्रहण की शुरुआत सुबह 8 बजकर 37 मिनट पर हुई है जो पौने तीन घंटे तक रहेगा। बता दें चंद्र ग्रहण एक खगोलीय घटना है लेकिन धार्मिक रूस से भी इसका काफी महत्व होता है। खगोल के जानकारों के मुताबिक, चंद्रमा जब पृथ्‍वी के ठीक पीछे उसकी छाया में आ जाता है, अर्थात पृथ्वी जब सूर्य और चांद के बीच में होती है तो ऐसी स्थिति को चंद्र ग्रहण कहते हैं।
वशिष्ट ज्योतिष सदन के अध्यक्ष पंडित शशिपाल डोगरा के मुताबिक, ये चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई न देने के कारण इसका यहां कोई असर नहीं पड़ेगा। साथ ही इसका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा। ज्योतिषशाचार्यों के मुताबिक, चंद्र ग्रहण से नौ घंटे पहले सूतक काल लग लग जाता है। लेकिन इस बार भारत में चंद्र ग्रहण न चलने की वजह से ये मान्य नहीं होगा। बता दें कि ये एक उपछाया चंद्र ग्रहण है इसलिए इसमें सूतक काल नहीं लिया जाता है। आज का चंद्र ग्रहण सुबह 08:38 बजे शुरु हुआ है। इसका परमग्रास सुबह 09:59 बजे होगा और इसकी समाप्ति 11:21 बजे होगी। उपच्छाया चंद्र ग्रहण की कुल अवधि 02 घण्टे 43 मिनट की होगी। इसके बाद अगला चंद्र ग्रहण इसी साल 30 नवंबर को लगेगा।

*क्या होता है उपच्छाया चंद्र ग्रहण*

बता दें कि पेनुमब्रल को उपच्छाया चंद्र ग्रहण कहा जाता है। उपच्छाया चंद्र ग्रहण तब होता है जब चंद्रमा पर पृथ्वी की छाया न पड़कर केवल उसकी उपच्छाया मात्र ही पड़ती है। इसमें चंद्रमा पर एक धुंधली सी छाया दिखाई देती है। इस दौरान चंद्रमा के आकार में कोई फर्क नहीं आता। कोई भी चन्द्रग्रहण जब भी आरंभ होता है तो ग्रहण से पहले चंद्रमा पृथ्वी की परछाई में प्रवेश करता है जिसे उपच्छाया कहा जाता है। इसके बाद चांद पृथ्वी की वास्तविक छाया यानी भूभा में प्रवेश करता है। जब ऐसा होता है तब ही वास्तविक ग्रहण होता है। लेकिन कई बार चंद्रमा धरती की भूभा में जाए बिना ही उसकी उपच्छाया से ही बाहर निकल कर आ जाता है। इसलिए उपच्छाया के समय चंद्रमा का बिंब केवल धुंधला पड़ता है और वह काला नहीं होता। बता दें कि एक महीने के अंदर ये तीसरा ग्रहण और दूसरा चंद्र ग्रहण है। इससे पहले 05 जून को भी चंद्र ग्रहण लगा था, उसके बाद 21 जून को सूर्य ग्रहण लगा था। अब आज फिर से चंद्र ग्रहण लग रहा है। इस साल में कुल छह ग्रहण लगने है। जिनमें चार चंद्र ग्रहण और दो सूर्य ग्रहण होने है। साल का पहला ग्रहण और चंद्र ग्रहण 10 जनवरी की रात को लग चुका है। आज के ग्रहण के बाद एक सूर्य ग्रहण और एक चंद्र ग्रहण और इस साल लगेगा।
*कहां-कहां दिखाई देगा ये चंद्र ग्रहण*

आज यानी रविवार 05 जुलाई का चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई नहीं दे रहा है। क्योंकि ये ग्रहण दिन के वक्त हो रहा है. इस चंद्र ग्रहण को यूरोप के कई देशों के साथ-साथ अमेरिका, कनाडा, मेक्सिको, ब्राजील, अर्जेंटीना, वेनेजुएला और अफ्रीका महाद्वीप के कई देशों में देखा जा सकता है।

Share this story