Happy Life Tips In Hindi : खुशहाल जिंदगी जीने के लिए अपनाएं ये टिप्स

Happy Life Tips In Hindi

Happy Life Tips In Hindi
फीचर डेस्क, नई दिल्ली।
अगर आप अपनी जिंदगी के मौजूदा हाल से खुश नहीं हैं तो कुछ बातों को अपने जेहन में बसा लें। ऐसा करते ही आपकी जिंदगी में गम के साए कम हो जाएंगे और खुशियों की बहार आ जाएगी।  

आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा का कथन है, ‘प्रसन्नता पहले से निर्मित कोई वस्तु नहीं है, वह आपके कर्मों से आती है।’ उनकी बात का अर्थ यह है कि अगर हम प्रसन्न रहना चाहते हैं तो ऐसे काम या बातों को महत्व देना होगा, जिससे हमें खुशी, सुकून मिले। यह बात सच भी है, अगर हम कुछ छोटी-छोटी लेकिन अहम बातों को अपने जीवन में अहमियत देंगे तो इसे खुशहाल बना पाएंगे।

धैर्य-आत्मबल में विश्वास 
अगर आपका समय माकूल नहीं है तो जरा धैर्य रखें। इस दुनिया में कुछ भी स्थायी नहीं है। इस बात को अपने जेहन में बिठा लें। जैसे सुख स्थायी नहीं होता है, वैसे ही दुख भी हमेशा हमारे जीवन में नहीं रहता है। अपने दुख को दूर करने का प्रयास निरंतर करती रहें। ऐसा करने से समय बदलेगा और सबकुछ सही हो जाएगा। धैर्य के साथ-साथ कठिन परिस्थितियों में संघर्ष के लिए आत्मबल भी कायम रखें। हम अकसर बाहर की चुनौतियों से नहीं अपनी अंदर की कमजोरियों से हारते हैं। जबकि आत्मबल के सहारे हम अपनी कमजोरियों को आसानी से दूर कर सकते हैं।

दूसरों से ईर्ष्या न करें
यह न देखें कि दूसरा क्या कर रहा है या वह कैसे सुखी है? यह सोचकर अपना मन दुखी न करें। इसके बजाय हमेशा यह देखें और सोचें कि मुझे क्या करना है? कैसे अपने जीवन को सुखी बनाना है? कैसे दूसरों की मदद करनी है? इस तरह अपनी ऊर्जा को हमेशा सकारात्मक दिशा में लगाएं, ऐसा करने पर ही जीवन खुशहाल बनता है। 

शिकायती लहजा न रखें 
जिंदगी को खुशहाल बनाने के लिए एक छोटा-सा उसूल बनाएं। रोज कुछ अच्छा याद रखें और कुछ बुरा भूल जाएं। साथ ही जिंदगी को लेकर शिकायत करना छोड़िए और उन चीजों के लिए आभार व्यक्त कीजिए, जो आपको मिली हैं। दरअसल, आपके पास जितना है, न जाने कितनों के पास उतना भी नहीं है। इस बात को याद रखकर अपने जीवन को सुकून से जीना सीखें।
 
अच्छे लोगों के साथ रहें 
अच्छे लोगों से संबंध, किसी भी इंसान के लिए सबसे बड़ी पूंजी होती है। जब आपके आस-पास अच्छे लोग रहते हैं तो आपके जीवन में सकारात्मकता बनी रहती है, इससे मन खुश रहता है। इसलिए लोगों से प्रेमपूर्वक बात करने की आदत डालें, उनसे अच्छे संबंध बनाने की कोशिश करें। 

कम करें जरूरतें
सुखी रहने का सबसे बढ़िया तरीका यह है कि आप अपनी जरूरतों को कम से कम रखें। बहुत ज्यादा चाह अकसर उलझन और उदासी का सबब बन जाती है। इसलिए खुश रहने के लिए सिर्फ सुकून तलाश कीजिए। 
 

Share this story