भारतीय जनता पार्टी में आज करोड़ों कार्यकर्ता शामिल

Crores of workers join Bharatiya Janata Party today
Crores of workers join Bharatiya Janata Party today
बलरामपुर : कोई भी संगठन बिना कार्यकर्ताओं के नहीं चल सकता। भारतीय जनता पार्टी में आज करोड़ों कार्यकर्ता शामिल हैं। कार्यकर्ताओं के दम पर ही संगठन मजबूत होता है। सरकार बनाने में कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका होती है। यह बातें तुलसीपार्क स्थित अटल भवन कार्यालय पर आयोजित लोकसभा चुनाव संचालन समिति बैठक में मुख्य अतिथि प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कही। 

मुख्य अतिथि धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं से एक-एक कर संगठन की बारीकियों को साझा किया। संगठन में कैसे कार्य करना है और पार्टी को मजबूत करने पर भी बारीकी से बताया। उन्होंने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भारतीय जनता पार्टी है। पार्टी की शुरुआत लोकसभा के दो सीटों से हुई थी, जो आज बढ़कर 300 से ऊपर पहुंच चुकी है। पीएम मोदी के विकास कार्यों को देखते हुए लोग भाजपा में तेजी के साथ शामिल हो रहे हैं। कहा कि चुनाव में वही पार्टी जीतती है जो अपने सभी बूथों पर विजय प्राप्त करती है। इसलिए सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ को जिताने का प्रयास करें। जिससे पीएम मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाया जा सके। 

अबकी बार लोकसभा में 400 सीटों के साथ भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ बन रही है। अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र ने कहा कि देश में सबसे महत्वपूर्ण युवा वर्ग है। भाजपा युवाओं के लिए विशेष कार्य कर रही है। केन्द्र व प्रदेश की सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर है। भारतीय जनता पार्टी में युवा कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक है। 

युवा वर्ग पूरे जोश के साथ पार्टी के साथ जुड़ा हुआ है। लोक सभा प्रभारी अवधेश श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश की 80 में 80 सीटें भाजपा ही जीतेगी। मोदी की गारंटी पर पूरे देश को भरोसा है। जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार निरंतर कार्य कर रही है। जन कल्याणकारी योजनाओं से लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने अतिथियों का स्वागत व धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर लोकसभा संयोजक शंकर दयाल पाण्डेय, श्रावस्ती प्रभारी, शिव नायक वर्मा, श्रावस्ती जिलाध्यक्ष उदय प्रकाश त्रिपाठी, धीरेन्द्र प्रताप सिंह, राम करन सिंह, अनूप गुप्ता, वरुण सिंह मोनू, रवि मिश्रा, विष्णु देव गुप्त, बृजेन्द्र तिवारी, अजय सिंह पिंकू, बिन्दू विश्वकर्मा, अवधेश तिवारी तरुण, आद्या सिंह, ललिता तिवारी, नंदनी शुक्ला, अंशुमान शुक्ला, अवधेश पाण्डेय, वीरेन्द्र दुबे सहित तमाम भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this story