बीकानेर में गणपति के लगेगा 2501 किलो के प्रसाद व 1151 किलो के फलों का भोग

बीकानेर में गणपति के लगेगा 2501 किलो के प्रसाद व 1151 किलो के फलों का भोग


बीकानेर, 9 सितंबर (हि.स.)। बीकानेर के दाऊजी रोड़ स्थित श्री आदि गणेश मंदिर में शुक्रवार को गणेश चतुर्थी के मौके पर गणपति के 2501 किलो का प्रसाद व 1151 किलो के फलों का भोग लगाया जायेगा। गणेश चतुर्थी के दिन ही प्रात: 4 बजे गजानंद के दूध, दही, घी, शहद, चीनी, पंचामृत, केशर, मानसरोवर से लाए जल से अभिषेक किया जायेगा।

आयोजन से जुड़े मदनगोपाल व्यास ने बताया कि इससे पहले गुरुवार को दो दिवसीय पंचकुंडीय यज्ञ की शुरूआत विधिवत पूजा अर्चना के साथ की गई। पंडित राजेंद्र किराड़ू के आचार्यत्व में 21 वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ आहुतियां दी गई। यज्ञ में यजमान नंदन जोशी, महावीर सोनी, कौशल सोनी, अशोक उपाध्याय, गणेश व्यास, भवानी शंकर पांडिया, गोपाल छीपा ने सपत्नीक आहूतियां दीं। दिनभर चले इस महायज्ञ में 1008 मंत्रोचारण के साथ आहूतियां दी गई। व्यास ने बताया कि शाम को भगवान गजानन को 1008 मोदकों का भोग लगाया गया। उन्होंने बताया कि अभिषेक पं विजय श्रीमाली व सुनील व्यास मंत्रोचारण के साथ संपन्न करायेंगे। इसके बाद शृंगार कर आरती की जायेगी। दोपहर 12 बजे जन्मोत्सव आरती की जायेगी, इसके बाद यज्ञ की पूर्णाहूति में श्रद्धालु आहूतियां देंगे। सांयकाल जागरण का आयोजन होगा।

हिन्दुस्थान समाचार/राजीव/संदीप

Share this story