चिरस्थायी बनेगी गांधीजी की 150 वीं जयंती व स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ

चिरस्थायी बनेगी गांधीजी की 150 वीं जयंती व स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ
चिरस्थायी बनेगी गांधीजी की 150 वीं जयंती व स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ


चिरस्थायी बनेगी गांधीजी की 150 वीं जयंती व स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ


उदयपुर, 09 सितम्बर (हि.स.)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार राष्ट्रपिता महात्मा गांधीजी की 150वीं जयंती वर्ष व स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर जिले में गांधीजी के जीवन आदर्शों से जुड़े एवं आजादी दिलाने वाले विभिन्न महापुरुषों की स्मृति में विविध आयोजन किए जा रहे है। इसी आयोजन की श्रृंखला में 11 से 17 सितम्बर तक सत्याग्रह सप्ताह मनाया जाएगा तथा 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर वृहद आयोजन होंगे।

जिला कलेक्टर चेतन देवड़ा ने गुरुवार को इन आयोजनों की रूपरेखा के अनुसार की जाने वाले तैयारियों के संबंध में जिला परिषद सभागार में संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक ली और विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किये। कलक्टर ने बताया कि इन आयोजनों के तहत जिले में 150 गांधी लाइब्रेरी खोलने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत 75 लाइब्रेरी माध्यमिक व उच्च माध्यमिक स्कूलों में तथा 75 लाइब्रेरी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में होंगी। इनके संचालन एवं पुस्तकों के चयन के लिए जिला व ब्लॉक स्तर पर विशेष समिति गठित की जाएगी। इसी प्रकार महात्मा गांधी की स्मृति एवं स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ के तहत जिले में विभिन्न प्रजातियों के 75 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य भी रखा गया है। कलेक्टर ने इन दोनों लक्ष्यों के लिए अभी से तैयारी प्रारंभ करते हुए शीघ्र इसे पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला संयोजक पंकज कुमार शर्मा, सहसंयोजक सुधीर जोशी, भगवान सोनी, फिरोज अहमद शेख, उमेश शर्मा के साथ ही एडीएम सिटी अशोक कुमार, एडीएसपी अनंत कुमार, जिला परिषद सीईओ गोविंदसिंह राणावत, नगरनिगम आयुक्त हिम्मतसिंह बारहठ व अन्य अधिकारियों ने विचार व्यक्त किए।

सत्याग्रह सप्ताह में होगी विविध गतिविधियां

बैठक में बताया कि सत्याग्रह सप्ताह के दौरान 11 सितंबर को प्रोजेक्टर के माध्यम से गांधीजी एवं अन्य महापुरूषों की जीवन पर फिल्म प्रदर्शन किया जाएगा। जिला मुख्यालय पर दो मल्टीप्लेक्स में दो-दो शो में गांधीजी संबंधित फिल्म प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें स्कूल शिक्षा, कॉलेज शिक्षा, छात्रावासों के विद्यार्थी व गांधी दर्शन समिति के संभागी होंगे। इसी प्रकार सभी उच्च माध्यमिक स्कूलों में प्रोजेक्टर के माध्यम से गांधीजी एवं अन्य महापुरूषों की जीवनी पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम के तहत 13 सितंबर को गांधी जी ग्राम स्वराज्य एवं सपनों के भारत विषय पर ऑनलाइन निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके लिए जिले के सभी निजी व राजकीय विश्वविद्यालयों, कॉलेजों व विद्यालयों व आमजन के लिए ऑनलाइन कार्यक्रम का लिंक एक दिन पूर्व उपलब्ध करा दिया जाएगा।

सरकारी कार्यालयों में लगेगा गांधीजी का जंतर

बैठक में बताया कि जिले के विभिन्न विभागों एवं सरकारी कार्यालयों में गांधीजी का जंतर (मंत्र) लिखवाया जाएगा, जो गांधीजी के आदर्शों को जीवन में उतारने के लिए प्रेरित करेगा। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में इस मंत्र को लिखवाने की व्यवस्था के लिए कलक्टर ने जिला परिषद सीईओ गोविंदसिंह राणावत को तथा शहरी क्षेत्र के लिए नगरनिगम आयुक्त हिम्मतसिंह बारहठ को कहा है।

विविध प्रतियोगिताएं भी होंगी

एडीएम सिटी अशोक कुमार ने बताया कि 15 सितम्बर को मीरा गर्ल्स कॉलेज में गांधी जी ग्राम स्वराज्य एवं सपनों के भारत विषय पर संभाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी जिसमें सीमित प्रतिभागी भाग लेंगे तथा सभी निजी व राजकीय विश्वविद्यालयों, कॉलेजों व विद्यालयों को ऑनलाइन कार्यक्रम से जुड़ने का लिंक एक दिन पूर्व उपलब्ध करा दिया जाएगा। 17 सितम्बर को ऑनलाइन चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी इसके लिए सभी निजी व राजकीय विश्वविद्यालयों, कॉलेजों व विद्यालयों को ऑनलाइन कार्यक्रम से जुड़ने का लिंक 1 दिन पूर्व शेयर कर दिया जाएगा। सत्याग्रह सप्ताह के इन आयोजनों के लिए शिक्षा एवं कॉलेज शिक्षा विभाग को समन्वय स्थापित करते हुए विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के सहयोग से सफल आयोजन के निर्देश दिए है।

इसी प्रकार 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक गांधी सप्ताह मनाया जाएगा इसके तहत गांधी जी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का जिला, ब्लॉक स्तर व पंचायत समिति स्तर पर आयोजन किया जाएगा। जिला स्तरीय प्रदर्शनी जिला प्रशासन व सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय के तत्वावधान में सूचना केन्द्र कलादीर्घा में लगाई जाएगी। इन समस्त आयोजनों के लिए कलक्टर ने विभिन्न विभागों को आवश्यक दायित्व सौंपते हुए विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए है।

हिन्दुस्थान समाचार/सुनीता कौशल/ ईश्वर

Share this story