चरक इंस्टीट्यूट में वार्षिक खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ, विद्यार्थियों ने दिखाया खेल कौशल
डॉ. अनुराधा त्रिपाठी ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए किया प्रेरित, विजेताओं को मेडल और प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित
लखनऊ डेस्क (आर.एल. पाण्डेय)। चरक इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन में दो दिवसीय अंतःमहाविद्यालयी वार्षिक खेल प्रतियोगिता 2026 का प्रथम दिन उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में बीए, बीएससी, बीकॉम और एलएलबी के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान चरक इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन की प्राचार्या डॉ. अनुराधा त्रिपाठी और चरक कॉलेज ऑफ लॉ के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, सहयोग और आत्मविश्वास जैसे गुणों का विकास करते हैं।
दोनों प्राचार्यों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें जीत-हार से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के पहले दिन कबड्डी, खो-खो और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और खेल कौशल के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समस्त खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन संस्थान के खेल संचालक डॉ. करन विश्नोई के निर्देशन और अनुशासन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन बीए विभाग की विभागाध्यक्ष आकांक्षा अवस्थी ने किया। आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में संस्थान के विभिन्न विभागों के शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
प्रतियोगिता का प्रथम दिवस विद्यार्थियों के उत्साह, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और सामूहिक सहभागिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें खेलों के प्रति रुचि, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना है।
