IND vs NZ 2nd T20I: रायपुर में सीरीज पर कब्जा करने उतरेगा भारत, न्यूजीलैंड की नजर वापसी पर
IND vs NZ 2nd T20I: India look to seal the series in Raipur, New Zealand eyeing a comeback
Fri, 23 Jan 2026
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शुक्रवार, 23 जनवरी को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले टी20 में 48 रनों की दमदार जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम इस मैच में 2-0 की बढ़त बनाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। वहीं न्यूजीलैंड के लिए यह मुकाबला ‘करो या मरो’ जैसा होगा, क्योंकि सीरीज में बने रहने के लिए जीत बेहद जरूरी है।
रायपुर की पिच से क्या मिलेंगे संकेत?
रायपुर का यह मैदान पुरुषों के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिहाज से अभी नया माना जाता है। यहां अब तक सिर्फ एक ही पुरुष टी20 इंटरनेशनल खेला गया है, जो दिसंबर 2023 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुआ था। उस मुकाबले में भारतीय टीम ने 174 रनों का स्कोर सफलतापूर्वक डिफेंड किया था, जिसमें स्पिन गेंदबाजों की भूमिका अहम रही थी।
पिच की प्रकृति की बात करें तो शुरुआती ओवरों में यहां अच्छी बाउंस देखने को मिल सकती है, जिससे तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की संभावना रहती है। हालांकि मैच आगे बढ़ने के साथ पिच थोड़ी धीमी हो जाती है, जहां स्पिनर्स और स्लोअर गेंदें ज्यादा असर दिखा सकती हैं। बल्लेबाजों के लिए पावरप्ले में रन बनाना अपेक्षाकृत आसान रहेगा, लेकिन मिडिल ओवर्स में संयम और समझदारी जरूरी होगी।
मौसम देगा पूरा साथ
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले दूसरे टी20 मुकाबले के दौरान मौसम पूरी तरह क्रिकेट के अनुकूल रहने की उम्मीद है। बारिश की कोई आशंका नहीं है, जिससे दर्शकों को पूरे 40 ओवर का रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। शाम के समय तापमान 20 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि नमी का स्तर भी सामान्य रहेगा।
