एक हजार नए फायर फाइटर भर्ती होंगे : मनोज वर्मा

One thousand new firefighters will be recruited: Manoj Verma
एक हजार नए फायर फाइटर भर्ती होंगे : मनोज वर्मा
लखनऊ डेस्क (आर एल पाण्डेय)। लखनऊ सिविल डिफेंस में और तेजी लाने के लिए अगले तीन महीने में प्रखंड चौक में एक हजार नए फायर फाइटर की भर्ती की जाएगी। ये बात लखनऊ सिविल डिफेंस के सीनियर असिस्टेंट डिप्टी कंट्रोलर मनोज वर्मा ने एक बैठक के दौरान कही।


उपनियंत्रक अनिता प्रताप की उपस्थिति व चीफ वार्डन अमरनाथ मिश्रा के नेतृत्व में लखनऊ सिविल डिफेंस अपने कार्यों से नित नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसी कड़ी में सिविल डिफेंस लखनऊ के प्रखंड चौक की नव वर्ष पर कंट्रोल रूम में आयोजित बैठक में अगले तीन महीने में एक हजार नए फायर फाइटरो की भर्ती का निर्णय लिया गया। राष्ट्रपति पदक से अलंकृत लखनऊ सिविल डिफेंस के सीनियर असिस्टेंट डिप्टी कंट्रोलर मनोज वर्मा ने बताया कि नववर्ष 2025 पर प्रखंड चौक की मासिक बैठक आयोजित की गई, जिसमे बड़ी संख्या में वार्डेनो ने प्रतिभाग किया। बैठक के दौरान प्रखंड की गतिविधियों को और बढ़ाने के लिए नए और युवा फायर फाइटर भर्ती करने पर चर्चा की गई। 


 प्रखंड के डिविजनल वार्डन सुनील कुमार शुक्ला ने पुराने और निष्क्रिय फायर फाइटर के स्थान पर नए फायर फाइटर की भर्ती पर सहमति जताई। जिसके बाद बैठक में उपस्थित समस्त वार्डेनो को निर्देश दिए गए कि योजनाबद्ध तरीके से अगले तीन महीने में एक हजार नए फायर फाइटर की भर्ती करना सुनिश्चित करे।

जिसके लिए प्रखंड के सभी दस पोस्ट वार्डन अपने क्षेत्र में स्थित विद्यालयों में संपर्क करे। सुनील शुक्ला ने सेक्टर वार्डेनो से कहा कि वो लक्ष्य के अनुरूप अपने सेक्टर में 15 वर्ष से ऊपर के व शारीरिक रूप से मौजूद लड़के और लड़कियों को सिविल डिफेंस से जुड़ने हेतु प्रेरित कर फायर फाइटर के रूप में भर्ती करने के अभियान में जुट जाएं। नववर्ष पर आयोजित प्रथम बैठक में प्रखंड के डिप्टी डिविजनल वार्डेन जावेद जैदी, जगदीश यादव, घटना नियंत्रण अधिकारी सईद अख्तर, पोस्ट वार्डन इसरार अहमद,  रितेश पटेल, अमर कुमार, मनोज तिवारी, रानी, राखी बहेलिया, आदि उपस्थित रहे।

Share this story