सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, अपना दल, निषाद पार्टी एवं राष्ट्रीय लोक दल की बैठक भाजपा कार्यालय में संपन्न
बैठक में सदर सांसद जय प्रकाश की मौजूदगी में एनडीए घटक दल सुभासपा के जिलाध्यक्ष धर्म सिंह अर्कवंशी, अपना दल के राजेंद्र गौतम, निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष मनोज कश्यप, आरएलडी के जिलाध्यक्ष महेश सिंह सोमवंशी ने लोकसभा चुनाव को रिकॉर्ड मतों से जीतने की रणनीति पर चर्चा की, साथ ही आगामी कार्यक्रमों में समन्वय स्थापित कर पार्टी के पक्ष में मजबूती से खड़े होकर प्रत्याशी को जिताने का संकल्प लिया।
जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने बैठक में घटक दलों का स्वागत करते हुए कहा कि एनडीए गठबंधन 26 वर्ष पुराना परिवार है और परिवार ने संघर्ष करते हुए सदैव देश और सर्व समाज की एकता और विकास को सर्वप्रथम रखा है। विगत दस वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अभूतपूर्व विकास की बयार को देखा है।
जिलाध्यक्ष ने विपक्ष की भ्रमित और जात पात की राजनीति पर वार करते हुए कहा कि एनडीए की सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचार और परिवारवाद की राजनीति पर अंकुश लग गया। जिससे विपक्ष बौखलाया हुआ है। एनडीए परिवार का एक एक कार्यकर्ता सम्माननीय है, उन्हीं के परिश्रम पर कल्याणकारी योजनाएं जन जन तक पहुंची।
बैठक में सांसद जय प्रकाश ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में एनडीए के लिए आगामी लोकसभा चुनाव में 400 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है, उन्होंने कहा कि यह सिर्फ तीसरी बार सरकार बनाने की महत्वाकांक्षा नहीं है। हम तीसरे कार्यकाल के दौरान देश को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए चुनाव मैदान में उतर रहे हैं। सरकार बनाना हमारे लिए अंतिम लक्ष्य नहीं है. यह हमारे लिए राष्ट्र निर्माण का एक माध्यम है।
बैठक का संचालन भाजपा जिला महामंत्री ओम वर्मा ने किया। इस अवसर पर मिश्रिख लोस संयोजक अशोक सिंह, हरदोई लोकसभा संयोजक प्रीतेश दीक्षित, जिला मीडिया प्रभारी गांगेश पाठक, सह मीडिया प्रभारी परेश गुप्ता, सत्यम शुक्ला, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश सचिव राममूर्ति अर्कवंशी, संजीव यादव, पुनीत अर्कवंशी, राजीव अर्कवंशी, अपना दल के प्रदेश सचिव रवि वर्मा, सुनील वर्मा, निषाद पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय कश्यप, आरएलडी के प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य विक्रम सिंह, प्रदेश सचिव रामदास दीक्षित उपस्थित रहे।