टीम लखनऊ की मानवीय पहल: उत्तराखंड के ज़रूरतमंदों के लिए 10 टन राहत सामग्री रवाना
लखनऊ।
बाढ़ प्रभावित पंजाब और हिमाचल प्रदेश के ज़रूरतमंदों की ऐतिहासिक सहायता करने के बाद, टीम लखनऊ ने अब उत्तराखंड के ज़रूरतमंदों के लिए 10 टन राहत सामग्री से भरा एक ट्रक रवाना किया है। यह ट्रक इंद्रानगर स्थित पीस एजुकेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट के कार्यालय से रवाना किया गया।
इस्लामिक सेंटर ऑफ़ इंडिया ने दिखाई हरी झंडी
सामग्री से भरे ट्रक को इस्लामिक सेंटर ऑफ़ इंडिया के मुख्य प्रवक्ता मौलाना सुफियान निज़ामी नदवी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर टीम लखनऊ के सचिव मुर्तज़ा अली, अब्दुल वहीद, ज़ुबैर अहमद, वामिक़ ख़ान, कुदरत ख़ान, इरफ़ान शेख, मो. सईक एवं पी.सी. कुरील, परवेज़ अख़्तर, ग़ुलाम हुसैन, आमिर मुख़्तार आदि प्रमुख सदस्य मौजूद रहे।
तीन राज्यों में ऐतिहासिक मदद
टीम लखनऊ के सचिव मुर्तज़ा अली ने बताया कि इससे पहले टीम के सदस्य दो बार पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बाढ़ पीड़ितों तक व्यक्तिगत रूप से पहुँचे और अपने हाथों से मदद पहुँचाई। अब उत्तराखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए भी टीम लखनऊ के सदस्यों ने कई दिनों तक लगातार रात-दिन मेहनत की है।
उन्होंने कहा कि इस मानवीय मुहिम को सफल बनाने के लिए लखनऊ की 26 सामाजिक संस्थाओं ने टीम लखनऊ का दिल खोलकर सहयोग किया है।
मुर्तज़ा अली ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि टीम लखनऊ के जांबाज़ समाजसेवियों ने अपने 'ख़िदमत-ए-ख़ल्क़' (मानव सेवा) के बेमिसाल जज़्बे से लखनऊ को अब केवल अदब के शहर के रूप में नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में 'ख़िदमत के शहर' के नाम से मशहूर कर दिया है।
मानवता के लिए निरंतर प्रयास
इस मौके पर टीम लखनऊ के संरक्षक मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली, निगहत खान और मुरलीधर आहूजा ने कहा कि मानवता की सेवा के लिए टीम लखनऊ हमेशा इसी जज़्बे के साथ कार्य करती रहेगी।
