जवाहर नवोदय विद्यालय, लखनऊ के समीप संचालित गिट्टी क्रशर/प्लांट से उत्पन्न गंभीर प्रदूषण के संबंध में।
सविनय निवेदन है कि जवाहर नवोदय विद्यालय, लखनऊ के ठीक समीप एक गिट्टी क्रशर/प्लांट संचालित किया जा रहा है। उक्त प्लांट से निरंतर निकलने वाली धूल, धुआँ एवं दुर्गंध के कारण विद्यालय परिसर का वातावरण अत्यंत प्रदूषित हो गया है।
उल्लेखनीय है कि जवाहर नवोदय विद्यालय एक पूर्णतः आवासीय शैक्षणिक संस्थान है, जहाँ लगभग 600 विद्यार्थीअध्ययनरत हैं तथा शिक्षक एवं कर्मचारीगण भी परिसर में ही निवास करते हैं। वर्तमान में स्थिति यह है कि प्लांट से उड़ने वाली धूल और धुएँ के कारण विद्यार्थियों तथा कर्मचारियों को सांस लेने में कठिनाई, आँखों में जलन, खाँसी, एलर्जी तथा दमा जैसे श्वसन संबंधी रोगों की आशंकाबनी हुई है। इससे बच्चों के स्वास्थ्य एवं उनकी पढ़ाई दोनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
विद्यालय जैसे संवेदनशील शैक्षणिक परिसर के निकट इस प्रकार का प्रदूषणकारी औद्योगिक प्लांट संचालित होना पर्यावरणीय मानकों एवं जनस्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत चिंताजनकहै।
अतः आपसे विनम्र निवेदन है कि कृपया इस मामले में तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित विभाग से स्थल का निरीक्षण कराते हुए आवश्यक कार्रवाईकरने की कृपा करें तथा उक्त गिट्टी क्रशर/प्लांट को विद्यालय क्षेत्र से अन्यत्र स्थानांतरित कराने अथवा बंद कराने का कष्ट करें, जिससे विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध हो सके।
आपकी त्वरित एवं सकारात्मक कार्रवाई हेतु विद्यालय परिवार सदैव आपका आभारी रहेगा।
