सैमसंग इनोवेशन कैंपस से कर्नाटक में 2,000 युवा प्रमाणित, तकनीकी कौशल के साथ भविष्य के लिए हुए तैयार
दिल्ली/लखनऊ डेस्क (आर. एल. पाण्डेय): भारत के अग्रणी उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांड सैमसंग ने अपने प्रमुख स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम सैमसंग इनोवेशन कैंपस (SIC) के अंतर्गत कर्नाटक में 2,000 युवाओं के सफल प्रमाणन की घोषणा की है। यह पहल राज्य में उभरती तकनीकों में दक्ष, भविष्य के लिए तैयार मानव संसाधन विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
इस कार्यक्रम के तहत 1,100 छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तथा 900 छात्रों को कोडिंग एवं प्रोग्रामिंग में प्रशिक्षित कर प्रमाणित किया गया। तकनीकी प्रशिक्षण के साथ-साथ प्रतिभागियों को सॉफ्ट स्किल्स, करियर गाइडेंस और रोजगार क्षमता बढ़ाने से जुड़े सत्रों का भी लाभ मिला, जिससे वे इंडस्ट्री की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें।
प्रमाणन समारोह का आयोजन कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय, बेंगलुरु में किया गया, जिसमें कर्नाटक सरकार के वरिष्ठ मंत्रीगण और सैमसंग के शीर्ष अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान छात्रों की उपलब्धियों की सराहना की गई और उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर सैमसंग साउथवेस्ट एशिया के कॉर्पोरेट वाइस प्रेसिडेंट श्री एस. पी. चुन ने कहा कि सैमसंग इनोवेशन कैंपस शिक्षा और रोजगार के बीच की खाई को पाटने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं को उन्नत तकनीकों में प्रशिक्षित कर उन्हें आत्मनिर्भर और रोजगारोन्मुख बना रही है।
वहीं कर्नाटक सरकार के श्रम मंत्री श्री संतोष एस. लाड ने इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि सैमसंग की यह पहल युवाओं को फ्यूचर-रेडी स्किल्स से सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभा रही है और राज्य के कौशल विकास प्रयासों को नई दिशा दे रही है।
उल्लेखनीय है कि सैमसंग इनोवेशन कैंपस वर्तमान में देश के 10 राज्यों में संचालित हो रहा है और डिजिटल समावेशन को बढ़ावा देते हुए युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कोडिंग, प्रोग्रामिंग और उभरती तकनीकों में प्रशिक्षित कर रहा है।
