Credit Card Rent Payment: क्रेडिट कार्ड से घर का किराया भरते हैं? भूलकर भी न करें ये 5 गलतियां, वरना लग सकता है हजारों का चूना
Paying Rent via Credit Card Risks & Charges: आज के डिजिटल दौर में क्रेड (CRED), पेटीएम, मोबिक्विक या हाउसिंग जैसे ऐप्स के जरिए क्रेडिट कार्ड से घर का किराया (House Rent) चुकाना बेहद आम हो चुका है। तुरंत पेमेंट, 45-50 दिन का ब्याज-मुक्त समय और रिवॉर्ड पॉइंट्स के आकर्षण में लोग इसका खूब इस्तेमाल करते हैं।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि थोड़ी सी लापरवाही आपके लिए एक्स्ट्रा चार्ज, भारी ब्याज दर और खराब सिबिल (CIBIL) स्कोर का कारण बन सकती है? आइए जानते हैं क्रेडिट कार्ड से रेंट पेमेंट करते समय किन 5 गलतियों से बचना बेहद जरूरी है।
प्रोसेसिंग फीस की जानकारी लिए बिना भुगतान न करें
कई प्लेटफॉर्म क्रेडिट कार्ड से किराया भुगतान पर कन्वीनियंस या प्रोसेसिंग फीस लेते हैं। यदि यह शुल्क करीब 2 फीसदी है, तो ₹30,000 के किराए पर हर महीने ₹600 अतिरिक्त देने पड़ सकते हैं। सालभर में यह राशि ₹7,200 तक पहुंच सकती है। ऐसे में रिवॉर्ड पॉइंट्स से मिलने वाला फायदा भी कम हो सकता है।
क्रेडिट लिमिट का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल न करें
अगर आपके क्रेडिट कार्ड की लिमिट ₹1 लाख है और आप ₹40,000 का किराया कार्ड से चुकाते हैं, तो लिमिट का 40 फीसदी हिस्सा इस्तेमाल हो जाता है। अन्य खर्च जुड़ने पर क्रेडिट यूटिलाइजेशन और बढ़ सकता है। लगातार अधिक लिमिट इस्तेमाल करना आपके क्रेडिट प्रोफाइल के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
केवल मिनिमम अमाउंट भरने से बचें
क्रेडिट कार्ड बिल में केवल न्यूनतम देय राशि देखकर बाकी भुगतान टालना महंगा पड़ सकता है। शेष रकम पर ब्याज लगता रहता है। इसलिए कोशिश करें कि हर महीने क्रेडिट कार्ड का पूरा बकाया समय पर चुका दिया जाए।
यह न मानें कि किराया भरने से क्रेडिट स्कोर अपने आप बढ़ेगा
समय पर किराया देना अच्छी वित्तीय आदत है, लेकिन इससे यह जरूरी नहीं कि आपकी क्रेडिट रिपोर्ट में किराए का भुगतान दर्ज भी हो। कुछ प्लेटफॉर्म रेंट रिपोर्टिंग की सुविधा देते हैं, इसलिए ऐसी सेवा लेने से पहले यह जांच लें कि भुगतान वास्तव में क्रेडिट ब्यूरो को रिपोर्ट किया जा रहा है या नहीं।
क्रेडिट कार्ड की ड्यू डेट बिल्कुल न भूलें
घर का किराया समय पर चुका देने के बाद भी यदि क्रेडिट कार्ड का बिल ड्यू डेट तक नहीं भरा गया, तो ब्याज, लेट फीस और अन्य शुल्क लग सकते हैं। लगातार देर से भुगतान करने का असर आपकी क्रेडिट हिस्ट्री पर भी पड़ सकता है।
क्रेडिट कार्ड से किराया भरना सुविधाजनक हो सकता है, लेकिन तभी जब फीस, क्रेडिट लिमिट, ब्याज और बिल की ड्यू डेट पर पूरी नजर रखी जाए। रिवॉर्ड पॉइंट्स के लालच में ऐसी लागत न उठाएं जो मिलने वाले फायदे से ज्यादा हो।
