प्रुडंट ने लॉन्च किया एआई-सक्षम ‘एज प्लस’ प्लेटफॉर्म, म्युच्युअल फंड वितरकों को मिलेगा स्मार्ट बिजनेस समाधान
लखनऊ: प्रुडंट कॉरपोरेट एडवायजरी सर्विसेस लिमिटेड ने म्युच्युअल फंड वितरकों (एमएफडी) के लिए अपने नए एआई-सक्षम बिजनेस मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म ‘एज प्लस’ के शुभारम्भ की घोषणा की है। कंपनी के अनुसार यह प्लेटफॉर्म वितरकों को ग्राहकों को बेहतर सेवा देने, स्मार्ट मार्केटिंग करने और बिजनेस को अधिक प्रभावी ढंग से बढ़ाने में मदद करेगा।
कंपनी ने बताया कि ‘एज प्लस’ को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह म्युच्युअल फंड वितरकों की कार्यक्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ समय की बचत भी करेगा। प्लेटफॉर्म में एआई आधारित इंटेलिजेंट इंटरफेस दिया गया है, जिसके माध्यम से वितरक ग्राहकों की जोखिम प्रोफाइल और निवेश संबंधी जानकारी के आधार पर कुछ ही मिनटों में उद्देश्य-आधारित निवेश समाधान उपलब्ध करा सकेंगे।
इस प्लेटफॉर्म के जरिए एआई इक्विटी, डेब्ट और हाइब्रिड इंस्ट्रूमेंट्स को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त एसेट एलोकेशन तैयार करेगा तथा योजनाओं के लिए विशेष सुझाव भी देगा। वितरक रेडीमेड ईमेल संदेशों के जरिए ग्राहकों तक निवेश संबंधी जानकारी भेज सकेंगे और उसी प्लेटफॉर्म से ट्रांजैक्शन भी कर पाएंगे।
कंपनी के अनुसार ‘एज प्लस’ वितरकों को विस्तार के अवसरों की पहचान करने में भी मदद करेगा। उम्र और एयूएम आधारित सेगमेंटेशन के जरिए वे ऐसे ग्राहकों तक पहुंच बना सकेंगे जिनके पास बड़ा म्युच्युअल फंड एयूएम है लेकिन ब्रोकिंग अकाउंट नहीं है, या जिनकी एसआईपी बंद हो चुकी है अथवा निवेश गतिविधि कम हो गई है।
प्लेटफॉर्म में बिल्ट-इन मार्केटिंग मॉड्यूल भी दिया गया है, जिसके माध्यम से वितरक एसआईपी और लंपसम निवेश अभियानों को आसानी से संचालित कर सकेंगे। इसके अलावा वे बड़ी संख्या में ग्राहकों को ईमेल और अन्य कम्युनिकेशन एआई इंजन की सहायता से भेज सकेंगे।
प्रुडंट कॉरपोरेट एडवायजरी सर्विसेस लिमिटेड ने बताया कि ‘एज प्लस’ में रिसर्च मॉड्यूल भी शामिल है, जिसमें पी/ई, पी/बी, बीटा, शार्प रेश्यो, जेनसन अल्फा, सेक्टर एक्सपोजर और रोलिंग रिटर्न्स जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इससे वितरकों को अलग-अलग स्रोतों से डेटा जुटाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
कंपनी का कहना है कि यह प्लेटफॉर्म म्युच्युअल फंड वितरण से आगे बढ़कर हेल्थ इंश्योरेंस, लाइफ इंश्योरेंस, ब्रोकिंग, PMS, AIF, फिक्स्ड डिपॉजिट, बॉन्ड्स और NPS के खिलाफ लोन जैसे मल्टी-प्रोडक्ट समाधान उपलब्ध कराने में भी सहायता करेगा। फिलहाल ‘एज प्लस’ प्लेटफॉर्म बीटा वर्जन में लाइव कर दिया गया है और यह कंपनी के सभी म्युच्युअल फंड डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनर्स के लिए उपलब्ध है।
