रिलायंस रीटेल ने प्रियंका चोपड़ा के हेयरकेयर ब्रांड ‘एनोमली’ का किया अधिग्रहण
Reliance Retail ने अभिनेत्री Priyanka Chopra Jonas के हेयरकेयर ब्रांड Anomaly का अधिग्रहण करने की घोषणा की है। इस सौदे के तहत ब्रांड के ट्रेडमार्क, डिजिटल प्लेटफॉर्म और उससे जुड़ी अन्य बौद्धिक संपत्तियां रिलायंस रीटेल के अधिकार में आ जाएंगी। इस अधिग्रहण के जरिए कंपनी अपने ब्यूटी और पर्सनल केयर कारोबार को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है।
2021 में हुई थी एनोमली की शुरुआत
Anomaly की शुरुआत वर्ष 2021 में की गई थी। यह एक क्लीन, वीगन और किफायती हेयरकेयर ब्रांड के रूप में जाना जाता है। ब्रांड पहले से कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उपलब्ध है और उपभोक्ताओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हुआ है। अब Reliance Retail अपने विशाल रिटेल नेटवर्क और ब्यूटी प्लेटफॉर्म Tira के माध्यम से इस ब्रांड का विस्तार करेगा।

ईशा अंबानी ने क्या कहा?
Isha Ambani ने कहा कि एनोमली को कंपनी के पोर्टफोलियो में शामिल करना नए दौर के ब्यूटी ब्रांड्स को आगे बढ़ाने की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उनके अनुसार, एनोमली की वैश्विक पहचान, क्लीन फॉर्मुलेशन और किफायती कीमतें इसे एक मजबूत ब्रांड बनाती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रियंका चोपड़ा के साथ मिलकर इस ब्रांड को भारत और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में तेजी से आगे बढ़ाया जा सकेगा।
भारतीय बाजार पर रहेगा खास फोकस
रिलायंस रीटेल अब भारतीय उपभोक्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बालों और स्कैल्प के लिए विशेष उत्पाद विकसित करने की योजना बना रही है। इसके साथ ही कंपनी अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम और मध्य-पूर्व जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी ब्रांड की मौजूदगी मजबूत करेगी।
प्रियंका चोपड़ा निभाएंगी अहम भूमिका
Priyanka Chopra Jonas ब्रांड की क्रिएटिव डायरेक्टर बनी रहेंगी और नए उत्पादों तथा इनोवेशन पर काम करती रहेंगी।उन्होंने इस साझेदारी को एनोमली के लिए एक नया और महत्वपूर्ण अध्याय बताते हुए कहा कि रिलायंस रीटेल का विशाल नेटवर्क ब्रांड को भारत और वैश्विक बाजारों में ज्यादा उपभोक्ताओं तक पहुंचाने में मदद करेगा। रिलायंस रीटेल का कहना है कि वह तेजी से उभरते ब्यूटी ब्रांड्स पर विशेष ध्यान दे रही है और ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से एनोमली को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखती है।
