SGB Return: सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड ने निवेशकों को किया मालामाल, ₹1 लाख का निवेश बना ₹3.12 लाख; RBI ने तय की रिडेम्पशन कीमत
बिजनेस डेस्क: सुरक्षित और बंपर रिटर्न के लिए मशहूर निवेश विकल्प सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) ने एक बार फिर निवेशकों को छप्परफाड़ मुनाफा दिया है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने SGB 2020-21 सीरीज-VIII के लिए समय से पहले भुनाने (Premature Redemption) की कीमतों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। जिन निवेशकों ने इस सीरीज में पैसा लगाया था, वे सोमवार, 18 मई, 2026 से अपनी रकम को बंपर प्रॉफिट के साथ निकाल सकते हैं।
बताते चलें कि रिजर्व बैंक ने इस सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड सीरीज को 18 नवंबर, 2020 को लॉन्च किया था। नियमों के मुताबिक, SGB के जारी होने के 5 साल पूरे होने के बाद, ब्याज भुगतान की तारीख पर प्रीमैच्योर रिडेम्पशन का विकल्प मिलता है।
कैसे तय हुई नई कीमत?
RBI के नियमानुसार, प्रीमैच्योर रिडेम्पशन की वैल्यू 'इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन' (IBJA) द्वारा प्रकाशित 999 शुद्धता वाले सोने के पिछले 3 कामकाजी दिनों के क्लोजिंग प्राइस के साधारण औसत (Simple Average) के आधार पर निकाली जाती है। 18 मई, 2026 को देय इस रिडेम्पशन के लिए पिछले तीन कारोबारी दिनों— 13 मई, 14 मई और 15 मई, 2026 के सोने के भाव के आधार पर नई कीमत ₹16,012 प्रति यूनिट (प्रति ग्राम) तय की गई है।
इश्यू प्राइस बनाम रिडेम्पशन प्राइस: ₹1 लाख के निवेश पर मिला ₹2.12 लाख का शुद्ध मुनाफा
जब नवंबर 2020 में यह सीरीज लॉन्च हुई थी, तब निवेशकों को यह बेहद किफायती दरों पर जारी की गई थी:
-
ऑनलाइन इश्यू प्राइस: ₹5,127 प्रति यूनिट
-
ऑफलाइन इश्यू प्राइस: ₹5,177 प्रति यूनिट
रिटर्न का पूरा गणित: ₹16,012 प्रति यूनिट के नए भाव के हिसाब से, जिन निवेशकों ने ऑनलाइन माध्यम से खरीदारी की थी, उन्हें 5 वर्षों के भीतर 212.30% का बंपर रिटर्न मिल रहा है। इसे सरल शब्दों में समझें तो:यदि किसी निवेशक ने इस स्कीम के तहत ₹1,00,000 का निवेश किया था, तो आज उसकी कुल वैल्यू बढ़कर ₹3,12,000 हो चुकी है। इसमें ₹2,12,000 का शुद्ध मुनाफा शामिल है (इसके अलावा सालाना मिलने वाला 2.5% का निश्चित ब्याज अलग से है)।
SGB की मैच्योरिटी अवधि
गौरतलब है कि भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी किए जाने वाले सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की कुल मैच्योरिटी अवधि 8 वर्ष होती है। हालांकि, सरकार निवेशकों को 5 साल पूरे होने के बाद इससे बाहर निकलने (Exit Option) की सुविधा देती है, जिसका फायदा उठाकर निवेशक मौजूदा सोने की बढ़ी हुई कीमतों पर अपना तगड़ा मुनाफा बुक कर सकते हैं।
