मुंगेर में पति ने की 28 वर्षीय पत्नी की हत्या, दो मासूम बेटियों के सामने दिया वारदात को अंजाम; बोला- अब नई मम्मी ले आएंगे
मुंगेर (बिहार): बिहार के मुंगेर जिले से घरेलू हिंसा और दहेज प्रताड़ना से जुड़ी एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 55 वर्षीय रिटायर्ड लोको पायलट दशरथ मंडल पर अपनी 28 वर्षीय पत्नी पूजा देवी की बेरहमी से हत्या करने का आरोप है। घटना के समय दंपती की आठ और पांच साल की दोनों बेटियां भी घर में मौजूद थीं। वारदात के बाद आरोपी अपनी दोनों बेटियों को लेकर खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
गला काटने के बाद पेट में चाकू से किए वार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि गुस्से में दशरथ मंडल ने पहले पत्नी को बेड से नीचे गिराया और उसके मुंह में दुपट्टा ठूंस दिया। इसके बाद धारदार हथियार से उसका गला काट दिया और पेट में चाकू से दो वार किए। गंभीर चोटों के कारण पूजा की मौत हो गई।
मासूम बेटियों ने सुनाई खौफनाक वारदात की कहानी
इस घटना की सबसे दर्दनाक बात यह है कि दोनों मासूम बेटियों ने अपनी मां पर हुए हमले को अपनी आंखों से देखा। बड़ी बेटी के मुताबिक, माता-पिता के बीच झगड़ा होने के बाद पिता ने मां के साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया।
मां को खून से लथपथ देखकर दोनों बहनें पड़ोसियों को बुलाने के लिए जाने लगीं, लेकिन पिता ने उन्हें रोक दिया। आरोप है कि इस दौरान उसने बेटियों से कहा, 'अब नई मम्मी ले आएंगे।' पिता की यह बात सुनकर मासूम बेटियों ने जवाब दिया, 'मां की जगह कोई नहीं ले सकता।'
भाई ने लगाया दहेज प्रताड़ना और मारपीट का आरोप
मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही पूजा को दहेज के लिए परेशान किया जाता था। उसका दावा है कि पिछले करीब पांच वर्षों से उसके साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना की जा रही थी। परिवार की ओर से लगाए गए इन आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है।
आरोपी गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद
घटना के बाद दशरथ मंडल अपनी दोनों बेटियों के साथ थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस अब घरेलू विवाद, दहेज प्रताड़ना के आरोपों और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। इस घटना ने दो मासूम बच्चियों को मां के साये से वंचित कर दिया है।
