ईद मनाने घर आए युवक की हत्या, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश
A young man who had come home to celebrate Eid was murdered; his wife conspired with her lover.
Sun, 8 Mar 2026
बिहार के किशनगंज जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां ईद मनाने के लिए सऊदी अरब से घर लौटे एक युवक की उसकी ही पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या करवा दी। यह मामला किशनगंज जिला के कोचाधामन थाना क्षेत्र के भागपुनास गाँव का है।
जानकारी के अनुसार युवक कई वर्षों से सऊदी अरब में काम कर रहा था और ईद का त्योहार मनाने के लिए हाल ही में अपने गांव लौटा था। विदेश में रहने के दौरान उसकी पत्नी अपने मायके में रहती थी।
बताया जाता है कि ईद के दिन युवक ने अपने घर पर इफ्तार किया। इसके बाद पत्नी के बुलाने पर वह उससे मिलने ससुराल चला गया। आरोप है कि रास्ते में ही पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या करवा दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब फरार प्रेमी की तलाश में जुटी हुई है।
मृतक के पिता ने बताया कि उनकी बहू का पड़ोस के एक युवक के साथ अवैध संबंध था। उन्होंने यह भी दावा किया कि वह दो महीने की गर्भवती है। इसी कारण बहू ने बेटे को जबरदस्ती ईद मनाने के बहाने सऊदी अरब से गांव बुलाया था और बाद में साजिश रचकर उसकी हत्या करवा दी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
