कानपुर में करोड़पति दवा कारोबारी की हत्या का खुलासा, इकलौती बहू पर सुपारी देने का आरोप
पुलिस जांच के अनुसार, विनीत अपनी बहू की गतिविधियों पर CCTV के जरिए नजर रखते थे और उसके खर्चों को भी नियंत्रित करते थे। बताया जा रहा है कि बहू देर रात बाहर घूमने और पार्टी करने की शौकीन थी, जबकि ससुर की ओर से उस पर कई तरह की पाबंदियां थीं। इसी को लेकर दोनों के बीच तनाव रहता था।
पुलिस के मुताबिक, नौकर विशाल ने कारोबारी पर चाकू से हमला किया और 26 वार कर उनकी हत्या कर दी। नौकर के कथित कबूलनामे के बाद पुलिस ने शालू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआती दौर में वह पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ के बाद उसके कथित तौर पर अपराध स्वीकार करने की बात सामने आई है।
पूछताछ में शालू ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि करोड़पति परिवार की बहू होने के बावजूद उसके और पति के खर्चों पर ससुर का नियंत्रण था। छोटे-छोटे खर्चों के लिए भी उसे उनसे पैसे मांगने पड़ते थे। इसी वजह से उसने नौकर के जरिए हत्या कराने का फैसला किया।
जांच में एक और अहम तथ्य सामने आया है। पुलिस ने शालू और नौकर विशाल की कॉल डिटेल खंगाली तो हत्या वाली रात दोनों के बीच 14 बार बातचीत होने की जानकारी सामने आई। इससे पुलिस को साजिश में शालू की कथित भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण सुराग मिले।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। शुरुआती जांच में शालू के पति सुब्रत की हत्या में कोई भूमिका सामने नहीं आई है, हालांकि पुलिस ने उससे भी पूछताछ के लिए उसे थाने में बैठाया है। पुलिस अब हत्या की पूरी साजिश, सुपारी की रकम और वारदात में शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
