ट्रेन के 1st AC केबिन को बना डाला 'हनीमून सुइट', गुलाब और गुब्बारों से सजावट का वीडियो वायरल होने के बाद TTE सस्पेंड
जालना रेलवे स्टेशन पर हुई यह अनोखी घटना
रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह हैरान करने वाला मामला 6 जुलाई को महाराष्ट्र के जालना रेलवे स्टेशन पर मुंबई CSMT-बल्हारशाह-नंदीग्राम एक्सप्रेस में सामने आया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ट्रेन के फर्स्ट एसी केबिन को हजारों गुलाब की पंखुड़ियों, रंग-बिरंगे गुब्बारों और खूबसूरत फूलों से किसी आलीशान होटल के कमरे की तरह सजाया गया था। इतना ही नहीं, केबिन की दीवार पर 'I Love You' का रोमांटिक मैसेज भी लिखा हुआ था। ट्रेन के सफर के दौरान इस तरह के माहौल को देखकर यात्री और नेटिजन्स दोनों हैरान हैं।
वीडियो वायरल होते ही रेलवे का बड़ा एक्शन: TTE निलंबित
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे ने तुरंत सख्त कदम उठाया है। साउथ सेंट्रल रेलवे (South Central Railway) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) ए. श्रीधरन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जालना में तैनात संबंधित टीटीई को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया गया है। इसके साथ ही इस पूरे मामले की विभागीय और आधिकारिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
What’s happening here 🥺😭🥺😭🥺😭 pic.twitter.com/PGW1TqmyWc
— Godman Chikna (@Madan_Chikna) July 7, 2026
मुख्य पीआरओ ने बताया शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि फर्स्ट एसी केबिन को इस तरह सजाने के लिए किसी प्रोफेशनल इवेंट स्टाइलिंग सर्विस (इवेंट मैनेजर) की मदद ली गई थी। ड्यूटी पर तैनात टीटीई की यह बड़ी लापरवाही है कि उसने बिना किसी आधिकारिक अनुमति के ऐसी किसी बाहरी फर्म या एजेंसी को ट्रेन के भीतर आने और यह सब करने की इजाजत दी।"
इवेंट मैनेजमेंट फर्म ने साधी चुप्पी
इस पूरे मामले पर जालना से संचालित होने वाली संबंधित इवेंट स्टाइलिंग सर्विस ने मीडिया के सामने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है। हालांकि, इससे पहले फर्म के सूत्रों ने बताया था कि नंदीग्राम एक्सप्रेस का यह फर्स्ट एसी केबिन जालना के ही एक कपल के लिए बुक था। वह कपल छत्रपति संभाजीनगर से कार द्वारा जालना स्टेशन पहुंचा था।
फर्म की टीम ने कपल के आने से पहले ही ट्रेन के केबिन को डेकोरेट कर दिया था। इवेंट कंपनी का दावा है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि ट्रेन के डिब्बे के अंदर इस तरह की सजावट करने के लिए रेलवे से किसी विशेष या आधिकारिक अनुमति (Official Permission) की आवश्यकता होती है।
