नई शिक्षा नीति बच्चों में वैचारिक क्रांति जगाने के लिए संकल्पबद्ध: निशंक


दिल्ली में बेनेट विश्वविद्यालय में नवोदित लेखकों को प्रोत्साहित करने हेतु आलेख 2023 का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हिंदी के प्रख्यात कवि व साहित्यकार निशंक को उनके उत्कृष्ट साहित्य सृजन और साहित्य के माध्यम से युवा पीढ़ी को प्रोत्साहित करने हेतु आलेख शिखर सम्मान से सम्मानित किया गया।
आलेख अभियान युवाओं के अंदर लिखने की प्रतिभा को पहचान कर उन्हें बेहतर लेखन के लिए प्रोत्साहित कर उन्हें पुस्तक प्रकाशन में सहायता प्रदान करेगा। लिखने पढ़ने और विश्लेषण करने की क्षमता विकास को समर्पित यह अभियान युवाओं में संवेदनशीलता को उजागर कर उन्हें बेहतर नागरिक बनाने की कोशिश है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय ने कहा कि डॉ. निशंक ने साहित्य के माध्यम से समाज को नयी दिशा दी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि डॉ निशंक अपने कृतियों से समाज और साहित्य को जोड़ने का कार्य करते रहेंगे।
ज्ञातव्य है डॉ. निशंक ने 110 से अधिक पुस्तकें लिखी हैं और अपनी साहित्यिक उपलब्धियों के लिए उन्हें पंद्रह से अधिक देश सम्मानित कर चुके हैं। डॉ. निशंक के साहित्य पर तीस से अधिक शोध हो चुके हैं या हो रहे हैं। विश्वविद्यालय ने डॉ. निशंक को साहित्य की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट योगदान की सराहना करते हुए देश को नयी शिक्षा प्रणाली में उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए धन्यवाद दिया।
डॉ. निशंक ने विश्वविद्यालय परिवार का आलेख शिखर सम्मान सम्मानित करने हेतु धन्यवाद किया। विशिष्ट सम्मान को अत्यंत विनम्रता पूर्वक स्वीकार करते हुए डॉ. निशंक ने कहा कि मैं इसे अपने पाठकों को समर्पित करता हूं, जिनके स्नेह ने मुझे सदैव कुछ लिखने के लिए, कुछ अभिव्यक्त करने हेतु प्रेरित किया।
--आईएएनएस
जीसीबी/एएनएम