ख़ामोशियां भी बोलती हैं
(डाॅ. फ़ौज़िया नसीम शाद – विनायक फीचर्स)
मनुष्य का जीवन केवल आवाज़ों और शब्दों तक सीमित नहीं है। अक्सर हमारी गहरी भावनाएँ उन खामोशियों में छिपी होती हैं जिन्हें हम व्यक्त नहीं कर पाते। यूं ही नहीं कहा गया है—
“एहसासों को अल्फ़ाज़ देना आसान नहीं,
ख़ामोशियां दिलों में चुभती बहुत हैं।”
शब्द बनाम ख़ामोशी
शब्दों की अपनी एक सीमा होती है। वे कभी झूठ भी बोल सकते हैं या औपचारिकता में ढल सकते हैं, लेकिन मौन हमेशा सच्चा और निष्कलुष होता है। खामोशी बहुत बार वह कह देती है, जिसे शब्द कभी व्यक्त नहीं कर पाते।
रिश्तों की भाषा – मौन
रिश्ते जीवन का आधार हैं। इनमें कई बार चुप्पी टूटन का कारण बन जाती है, लेकिन असली रिश्तों की खूबसूरती यही है कि वे बिना कहे भी समझ लेते हैं। माँ की नज़र का आशीर्वाद या प्रेमियों की खामोशी – ये सब हजारों शब्दों से ज्यादा गहरे होते हैं।
“कभी-कभी सबसे गहरी बातें वही होती हैं, जो कभी कही ही नहीं जातीं।”
समाज और ख़ामोशी
मौन समाज में कई रूपों में सामने आता है—
-
सहमति का मौन: जब शब्द अनावश्यक हो जाते हैं।
-
विरोध का मौन: अन्याय के सामने खामोशी भी प्रतिरोध बन सकती है। गांधीजी का ‘मौन व्रत’ इसका उदाहरण है।
-
लाचारी का मौन: उपेक्षित वर्ग की चुप्पी उनके दर्द की सबसे बड़ी गवाही होती है।
“मौन भी एक उत्तर है, और कई बार यह सबसे प्रभावी उत्तर बन जाता है।”
आत्ममंथन और मौन
सबसे गहरी खामोशी तब जन्म लेती है जब इंसान खुद से संवाद करता है। ध्यान, साधना और आत्मचिंतन इसी मौन की देन हैं। जब बाहर का शोर थम जाता है, तभी भीतर की आवाज़ सुनाई देती है।
“ख़ामोशी हमारी रूह की आवाज़ है,
जिसे सुनने के लिए भीतर उतरना पड़ता है।”
इसी संदर्भ में मेरा एक शेर—
“शोर जिसका बहुत दूर तक सुनाई दे,
अपनी ख़ामोशियों को वो ज़ुबां बख्शो।”
आधुनिक जीवन और खामोशी की ज़रूरत
आज की दुनिया मोबाइल और सोशल मीडिया के शोर में डूबी हुई है। चुप रहना जैसे हमारी आदतों से गायब हो गया है। लेकिन मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन के लिए कुछ पल का मौन बेहद ज़रूरी है। यही खामोशी हमें स्पष्ट सोचने और सही निर्णय लेने की शक्ति देती है।
